Bihar Abhaya Brigade: स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों में पढ़ने वाली छात्राओं की सुरक्षा को लेकर अब अभया बिग्रेड को और सक्षम बनाया जायेगा. इन संस्थानों की निगरानी के लिए पूर्व में 1500 स्कूटी खरीदने की तैयारी थी. अब इसे बढ़ाकर 2500 किया जायेगा. पूरे राज्यभर में 1500 की जगह 2500 स्कूटी सवार महिला सिपाही तैनात रहेंगी. अभया ब्रिगेड ने जनवरी माह से अब तक 405 मनचलों के खिलाफ कार्रवाई की. इसमें 11 के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
गर्ल्स हॉस्टल, लॉज और कोचिंग संस्थानों को थमायी गयी गाइडलाइन
सरकार ने राज्य के गर्ल्स हॉस्टल, लॉज और कोचिंग संस्थानों में रहने एवं पढ़ने वाली छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत परामर्श और दिशा-निर्देश भी जारी किये हैं. इसकी पूरी लिस्ट इन संस्थानों को दे दी गयी है. पानी, सीसीटीवी कैमरा, मुलाकातियों की आइडी प्रूफ के साथ जानकारी रखनी होगी. साथ ही छात्रों की प्रोग्रेस की रिपोर्ट, देरे से गर्ल्स हॉस्टल, लॉज और कोचिंग आने की जानकरी भी अभिभावकों को देनी है.
इंटरनेट के दुरुपयोग से होने वाले खतरे की जानकारी दी जायेगी
इंटरनेट, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और मल्टीमीडिया सेलफोन के दुरुपयोग से होने वाले खतरों तथा इससे जुड़े कानूनों के प्रति छात्राओं को जागरूक किया जायेगा. राज्य के सभी कन्या विद्यालयों और महाविद्यालयों में समाज कल्याण विभाग, महिला थाना और स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
महिला हेल्पडेस्क सीनियर सिटीजन की भी समस्या सुनेगा
राज्य के सभी थानों में संचालित महिला हेल्पडेस्क का भी दायरा बढ़ा दिया गया है. अब महिला हेल्पडेस्क पर वरिष्ठ नागरिकों की भी समस्या सुनी जायेगी. साथ ही ट्रांसजेंडर व्यक्तियों की समस्याओं के समाधान की जिम्मेदारी हेल्पडेस्क को सौंपी गयी है.
इसे भी पढ़ें: बिहार के इन दो जिलों के बीच का सफर होगा आसान, 82 करोड़ होंगे खर्च, बनेगा नया बाईपास
