Bihar 9 New Airports: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि अब सरकार का सबसे बड़ा लक्ष्य राज्य के हर जिले में उद्योग स्थापित करना है. इसी दिशा में कई बड़े प्रोजेक्ट शुरू किए जाएंगे. इस दौरान 11461 करोड़ रुपये की लागत वाली 2476 योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी किया गया.
पटना में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले चरण में बिहार को औद्योगिक रूप से मजबूत बनाने पर सबसे ज्यादा काम होगा. सरकार हर जिले में निवेश बढ़ाने और नए उद्योग लगाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है, ताकि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार हो सकें.
गया में बनेगा स्टील प्लांट, मुजफ्फरपुर में इलेक्ट्रॉनिक पार्क
मुख्यमंत्री ने बताया कि गया के आईएमसी क्षेत्र में बोकारो स्टील प्लांट की तर्ज पर नया स्टील प्लांट लगाया जाएगा. मुजफ्फरपुर के राजापाकड़ में इलेक्ट्रॉनिक पार्क बनाया जाएगा. इस परियोजना में 20 से 30 हजार करोड़ रुपये तक का निवेश होने का अनुमान है. सरकार का दावा है कि इससे करीब एक लाख लोगों को रोजगार मिलेगा.
सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य में गन्ना उद्योग को बढ़ावा देने के लिए अगले पांच वर्षों में 25 नई चीनी मिलें खोली जाएंगी. इससे किसानों को अपनी फसल बेचने में आसानी होगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार भी बढ़ेगा.
कोसी और गंडक किनारे बनेगा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोसी और गंडक नदी के किनारे सड़क बनाने के साथ-साथ इंडस्ट्रियल कॉरिडोर भी विकसित किया जाएगा. इसके अलावा गंगा, कोसी और गंडक नदी के किनारे नई टाउनशिप बसाने की भी योजना है. सरकार का मानना है कि इससे इन इलाकों में विकास की रफ्तार तेज होगी.
नेपाल से आने वाली नदियों की वजह से हर साल होने वाली बाढ़ को देखते हुए सरकार मास्टर प्लान तैयार करेगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी योजना के आधार पर आगे काम किया जाएगा, ताकि बाढ़ से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके.
दरभंगा और पूर्णिया एयरपोर्ट को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय दर्जा
मुख्यमंत्री ने कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाया जा रहा है और इसका उद्घाटन नवंबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे. इसके साथ ही पूर्णिया एयरपोर्ट को भी भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाया जाएगा. इसके लिए 206 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी मिल चुकी है.
सरकार ने राज्य में हवाई सेवाओं के विस्तार की भी बड़ी योजना बनाई है. सोनपुर और भागलपुर के अजगैबीनाथ सुल्तानगंज में नए एयरपोर्ट बनाने का काम शुरू होगा. इसके बाद वीरपुर, सहरसा, फारबिसगंज, किशनगंज, वाल्मीकिनगर, मुजफ्फरपुर और गोपालगंज में भी नए एयरपोर्ट विकसित करने की योजना पर काम किया जाएगा.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
नालंदा यूनिवर्सिटी में बिहार के छात्रों को मिलेगी छात्रवृत्ति
सम्राट चौधरी ने घोषणा की कि नालंदा अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय में पढ़ाई करने वाले बिहार के छात्रों को मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति दी जाएगी. सरकार का मकसद राज्य के छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना है.
मुख्यमंत्री ने पटना में जीविका दीदियों के लिए जीविका टावर बनाने का भी ऐलान किया. इस भवन में स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की बिक्री की व्यवस्था होगी. इससे महिलाओं को अपने उत्पादों के लिए बड़ा बाजार मिलने की उम्मीद है.
इसे भी पढ़ें: Bihar Band: पटना, भागलपुर, छपरा, सीतामढ़ी समेत बिहार के इन जिलों में हिंसक हुआ प्रदर्शन, एसपी को भी लगी चोट
