बिहार के बुजुर्गों के लिए खुशखबरी, अब घर बैठे होगी जमीन की रजिस्ट्री, जानें पूरी प्रक्रिया

Bihar Jamin Registry: बिहार में 80 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों के लिए जमीन रजिस्ट्री की प्रक्रिया आसान होने जा रही है. अब अधिकारी उनके घर पहुंचकर ऑनलाइन रजिस्ट्री करेंगे. इस नई व्यवस्था से बुजुर्गों को कार्यालय के चक्कर से राहत मिलेगी.

Bihar Jamin Registry: बिहार में जमीन रजिस्ट्री को लेकर एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है. अब 80 साल या उससे अधिक उम्र के बुजुर्गों को निबंधन कार्यालय (रजिस्ट्री ऑफिस) के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. अवर निबंधक सह विशेष पदाधिकारी खुद उनके घर पहुंचकर सत्यापन करेंगे. इससे बुजुर्गों को बड़ी राहत मिलेगी.

कैसे काम करेगी नई व्यवस्था?

इसके लिए बुजुर्गों को ई-निबंधन पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा. 400 रुपये का तय शुल्क जमा करना होगा. पोर्टल पर 80 वर्ष उम्र दर्ज करते ही नया ऑप्शन दिखेगा. इसमें पूछा जाएगा कि रजिस्ट्री घर से करानी है या कार्यालय से. इच्छानुसार विकल्प चुनना होगा.

इसके बाद तारीख और समय तय होगा. तय समय पर निबंधन कार्यालय की टीम मोबाइल रजिस्ट्रेशन यूनिट लेकर घर पहुंचेगी. वहीं पर बायोमैट्रिक वेरिफिकेशन और ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी होगी.

अप्रैल से लागू करने की तैयारी

ई-निबंधन पोर्टल के सॉफ्टवेयर में जरूरी बदलाव किए जा रहे हैं. फरवरी में अपडेट का काम पूरा होने की उम्मीद है. इसके बाद ट्रायल शुरू होगा. सरकार 1 अप्रैल से इस व्यवस्था को लागू करने की योजना बना रही है. सभी निबंधन कार्यालयों को लैपटॉप और बायोमैट्रिक आधार वेरिफिकेशन मशीन उपलब्ध करा दी गई है.

डिजिटल ईज ऑफ लिविंग की दिशा में कदम

सरकार इसे डिजिटल ईज ऑफ लिविंग की बड़ी पहल मान रही है. यह योजना ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ के तहत लाई जा रही है. इसका मकसद बुजुर्गों के दैनिक जीवन को आसान बनाना है. रजिस्ट्री पूरी होते ही खरीदार और विक्रेता के मोबाइल पर लिंक आएगा. दस्तावेज ऑनलाइन डाउनलोड किए जा सकेंगे.

पहले क्या थी प्रक्रिया?

पहले बीमार या लाचार बुजुर्गों को मेडिकल सर्टिफिकेट देना पड़ता था. फिर अधिकारी मैनुअल तरीके से अंगूठा निशान और फोटो लेते थे. प्रक्रिया लंबी और जटिल थी. जोखिम भी अधिक था.

क्या होंगे फायदे?

इस नई व्यवस्था से हजारों बुजुर्गों को लाभ मिलेगा. जमीन खरीद-बिक्री में धोखाधड़ी पर रोक लगेगी. प्रक्रिया पारदर्शी और आसान बनेगी. अब बुजुर्ग सम्मान के साथ घर बैठे रजिस्ट्री करा सकेंगे.

Also Read: ‘मेरी डिग्री नकली साबित करो, नहीं तो इस्तीफा दो…’, सदन में अशोक चौधरी और सुनील सिंह में तीखी भिड़ंत

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >