पटना: बाढ़ में 4 युवकों की मौत का मामला: बहन के प्रेम प्रसंग की रंजिश में हत्या का आरोप, शराब में जहर मिलाकर पिलाया; 3 गिरफ्तार

बाढ़ थाना क्षेत्र में 4 युवकों की जहरीली शराब से मौत का मामला अब हत्या का खुलासा बन गया है. पुलिस ने इसे सोची-समझी साजिश बताते हुए मुख्य आरोपी लाली कुमार सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. प्रेम प्रसंग के चलते रची गई इस हत्या की कहानी हैरान करने वाली है.

Patna Murder Conspiracy Unveiled: बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव में 30 अगस्त को जहरीला पेय पदार्थ पीने से चार युवकों की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करने का दावा किया है. पुलिस के अनुसार, यह घटना हादसा नहीं बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत की गयी हत्या थी. मामले में मुख्य साजिशकर्ता लाली कुमार, उसके साथी रुदल कुमार समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है. तीसरा आरोपित नाबालिग बताया जा रहा है. मृतकों की पहचान निशु राज, शशि, विकास और पंकज के रूप में हुई थी.

बहन से प्रेम प्रसंग को लेकर रची हत्या की साजिश

ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार के अनुसार, पुलिस अनुसंधान में सामने आया कि निशु कुमार का पिछले करीब ढाई वर्षों से लाली कुमार की बहन के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. पुलिस का कहना है कि इस रिश्ते और उससे जुड़ी बदनामी को लेकर लाली कुमार नाराज था.

पुलिस के अनुसार, मृतक निशु के दोस्त भी प्रेम प्रसंग को लेकर लाली को अक्सर चिढ़ाते थे. इसी रंजिश में लाली ने अपने साथियों के साथ मिलकर निशु और उसके दोस्तों की हत्या की साजिश रची.

शराब में जहर मिलाकर पिलाने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में मुख्य आरोपित लाली कुमार ने अपना जुर्म कबूल किया है. उसके अनुसार, उसने बाजार से जहर खरीदा और उसे शराब में मिला दिया. इसके बाद निशु और उसके तीन अन्य दोस्तों को शराब पीने के लिए बुलाया गया. पुलिस का दावा है कि जहरीली शराब पीने के बाद चारों युवकों की मौत हो गयी.

त्वरित जांच के लिए गठित की गयी थी एसआईटी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित अनुसंधान के लिए विशेष जांच टीम का गठन किया था. टीम में एसडीपीओ बाढ़-2, बाढ़ थानाध्यक्ष और विभिन्न थानों के प्रभारी शामिल थे.

पुलिस के अनुसार, टीम ने तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य साजिशकर्ता लाली कुमार और रुदल कुमार समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को भी खंगाला जा रहा है.

पटना समेत 7 जिलों में आंधी-बारिश और वज्रपात का अलर्ट, IMD ने अगले 3 घंटे के लिए जारी की चेतावनी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By नितीश कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >