पटना से आनंद सिंह कौशिक की रिपोर्ट
Bankipur by-election : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस मुख्यालय पूरी तरह अलर्ट मोड में है. केंद्रीय क्षेत्र, पटना के आईजी जितेंद्र राणा ने शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई अहम निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि चुनाव के दौरान गड़बड़ी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
लाइसेंसी हथियारों का होगा शत-प्रतिशत सत्यापन
समीक्षा बैठक में आईजी ने सभी थाना प्रभारियों को लाइसेंसी हथियारों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही फरार वारंटियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर आवश्यकतानुसार निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा, ताकि चुनाव के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो.
अवैध शराब, हथियार और नकदी पर रहेगी पुलिस की विशेष नजर
आईजी ने संवेदनशील इलाकों में सघन वाहन जांच अभियान चलाने, खुफिया तंत्र को सक्रिय रखने तथा अवैध शराब, अवैध हथियार, मादक पदार्थ और संदिग्ध नकदी के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि चुनावी माहौल को प्रभावित करने वाले हर प्रयास पर कड़ी निगरानी रखी जाए.
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
बैठक में सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को लेकर भी विशेष रणनीति बनाई गई. आईजी ने अफवाह फैलाने या भ्रामक सूचना प्रसारित करने वालों पर कड़ी नजर रखने तथा सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम को पूरी तरह सक्रिय रखने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी तरह की अफवाह पर तत्काल कार्रवाई की जा सके.
होटल, लॉज और संवेदनशील क्षेत्रों की होगी सघन जांच
आईजी ने होटल, लॉज और गेस्ट हाउसों की नियमित जांच कर संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही 182-बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र और आसपास के संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया.
गड़बड़ी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि उपचुनाव के दौरान शांति भंग करने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू किए जा रहे हैं.
