सितंबर में आठ दिन बंद रहेंगे बैंक, बिहार के सात हजार शाखाओं के कर्मी करेंगे हड़ताल

Bank Strike : बैंककर्मी 11 सितंबर को देशव्यापी हड़ताल पर. मांगों पर सुनवाई न होने पर 28-30 सितंबर को भी हड़ताल. बिहार के 7000 शाखाओं पर असर.

Bank Strike : सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग कार्य और सभी संवर्गों में परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) को समान रूप से लागू करने की मांग को लेकर बैंककर्मी सितंबर में देशव्यापी हड़ताल पर जाएंगे. यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (यूएफबीयू) ने 11 सितंबर 2026 को अखिल भारतीय हड़ताल का ऐलान किया है. इससे बिहार की करीब सात हजार बैंक शाखाओं के कामकाज पर असर पड़ने की संभावना है.

संगठन के अनुसार 11 सितंबर की हड़ताल के बाद भी सरकार ने मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय हड़ताल की जाएगी. सितंबर में 12 सितंबर को दूसरा शनिवार, 13 को रविवार, 26 को चौथा शनिवार और 27 को रविवार का अवकाश भी रहेगा. इस तरह हड़ताल और नियमित अवकाश के कारण बैंकिंग कामकाज कुल आठ दिन प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है.

ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय सचिव डीएन त्रिवेदी ने बताया कि सार्वजनिक क्षेत्र और ग्रामीण बैंकों के कर्मचारी व अधिकारी इन मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. बैंक संगठनों का कहना है कि रिजर्व बैंक और बीमा क्षेत्र की तरह बैंकों में भी सोमवार से शुक्रवार तक ही कामकाज होना चाहिए. वर्तमान में महीने के पहले और तीसरे शनिवार को बैंक खुलते हैं, जबकि दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश रहता है.

26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

बैंक संगठनों ने कहा है कि यदि मांगों पर समाधान नहीं हुआ तो 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी. वहीं, एआईबीओए के आह्वान पर अधिकारियों ने 'राइट टू डिस्कनेक्ट' के तहत कार्यालय समय के बाद काम से संबंधित फोन, ईमेल और संदेशों का जवाब नहीं देने, अवकाश के दिनों में बैठक का बहिष्कार तथा कार्यालय समय से पहले और बाद में काम नहीं करने की पहल शुरू की है.

यूएफबीयू में एआईबीईए, एआईबीओसी, एनसीबीई, एआईबीओए, बेफी, आईएनबीईएफ और आईएनबीओसी समेत सात प्रमुख बैंक यूनियन शामिल हैं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Subodh kumar nandan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >