Patna News : सिपारा पुल पर फोर्ड हॉस्पिटल के अकाउंटेंट की दिनदहाड़े गोली मार कर हत्या

न्यू बाइपास सिपारा पुल पर बाइक सवार दो बदमाशों ने फोर्ड हॉस्पिटल के अकाउंटेंट सह मैनेजर की गोली मार कर हत्या कर दी. करीब दो महीना पहले ही उनकी शादी हुई थी.

संवाददाता, पटना : जक्कनपुर थाने के न्यू बाइपास सिपारा पुल पर बाइक सवार दो बदमाशों ने शुक्रवार को दोपहर करीब एक बजे फोर्ड हॉस्पिटल के अकाउंटेंट सह मैनेजर 30 वर्षीय अमित कुमार की गोली मार कर हत्या कर दी. उन्हें बदमाशों ने ताबड़तोड़ तीन गोलियां मारीं, जो उनके सीने और कमर के पास लगीं. घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने पहले उन्हें बगल के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां भर्ती नहीं किया गया. इसके बाद लोग उन्हें फोर्ड हॉस्पिटल लेकर आये, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इधर, घटना की सूचना पुलिस को करीब 1:10 बजे मिली और फिर सदर डीएसपी वन अभिनव कुमार, जक्कनपुर थानाध्यक्ष ऋतुराज दल-बल के साथ पहुंचे और जांच की. पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखे और दो जिंदा कारतूस बरामद किये हैँ. बदमाशों से हड़बड़ी में दो कारतूस गिर गये थे. हालांकि, परिजनों ने किसी प्रकार की दुश्मनी की जानकारी पुलिस को नहीं दी है. पुलिस घटना के कारणों की तलाश में है. पुलिस ने इलाके में सीसीटीवी कैमरेे के फुटेज को भी खंगाला है. अमित कुमार मूल रूप से बिहटा के विशंभरपुर गांव के रहने वाले थे. हालांकि, उनका घर खगौल रोड में बीएमपी 16 के पास के मुहल्ले में है. उनके पिता शत्रुघ्न प्रसाद सिंह रिटायर्ड रेलवे अधिकारी हैं और वह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे. सबसे बड़े भाई भी रेलवे में हैं. जक्कनपुर थानाध्यक्ष ऋतुराज ने बताया कि परिजनों ने फिलहाल किसी पर आरोप नहीं लगाया है और न ही घटना के कारणों की कुछ जानकारी दी है. पुलिस जांच कर रही है.

घर से जा रहे थे ड्यूटी करने

अमित कुमार प्रतिदिन सुबह 10 बजे से फोर्ड हॉस्पिटल में अपनी ड्यूटी करते थे. लेकिन ,वे खगौल रोड बीएमपी 16 के पास स्थित अपने घर से शुक्रवार को कुछ देर से अपनी पैशन प्रो बाइक (नंबर बीआर 01 एटी 6957) से निकले. वह अनिसाबाद गोलंबर से बेऊर मोड़ होते हुए फोर्ड हॉस्पिटल की ओर जा रहे थे. इतने में ही बाइक सवार दो हेलमेट लगाये बदमाशों ने उनकी बाइक को ओवरटेक किया और फायरिंग शुरू कर दी. पिस्टल से बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसके बाद अमित को गोली लगी और वह खून से लथपथ होकर बाइक लेकर सड़क पर गिर पड़े. इसके बाद बदमाशों ने बाइक से उतर कर फिर एक गोली मारी और जीरोमाइल की ओर निकल गये. इधर जब अमित को बगल के एक निजी अस्पताल में भर्ती नहीं लिया गया, अमित ने ही लोगों को फोर्ड हॉस्पिटल ले जाने को कहा. इस पर लोग उन्हें फोर्ड में ले आये, जहां तुरंत इलाज शुरू किया गया. लेकिन, डॉक्टरों ने थोड़ी ही देर में मृत घाेषित कर दिया. काफी खून गिरने के कारण अमित की मौत हो गयी. उनके पास से मिले मोबाइल फोन व हॉस्पिटल से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दे दी. इसके बाद अमित के बुजुर्ग पिता शत्रुघ्न प्रसाद सिंह पहुंचे. जवान बेटे के शव को देख कर रोने लगे. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कुछ दूरी पर पुलिस की गश्ती टीम भी थी. लेकिन, फिर भी बदमाश निकल गये.

घर से ही पीछा करते हुए आ रहे थे बदमाश

जिस तरह से यह घटना हुई है, उससे स्पष्ट है कि बदमाश उनके घर से ही पीछा करते हुए पहुंचे, जहां सिपारा पुल पर मौका मिल गया और गोली मार दी. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बाइक पर सवार दोनों बदमाशों ने हेलमेट लगा रखा था. पुलिस अनिसाबाद गोलंबर से लेकर जीरोमाइल तक लगे सीसीटीवी कैमरा के फुटेज देख कर बदमाशों की बाइक का नंबर पता कर रही है.

सात मार्च को ही हुई थी शादी

अमित की शादी सात मार्च, 2025 को बैकठपुर के योगेंद्र सिंह की पुत्री चांदनी कुमारी से हुई थी. घटना की सूचना मिलने पर चांदनी भी फोर्ड हॉस्पिटल पहुंचीं. साथ ही पुलिस के साथ घटनास्थल पर भी गयीं. उनके मुंह से एक शब्द भी नहीं निकल रहा था. एक तरह से मेंहदी का रंग अभी मिटा भी नहीं था और पति की बदमाशों ने हत्या कर दी. चांदनी का घर बैकठपुर में है, लेकिन पूरा परिवार भागलपुर में रहता है. योगेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें किसी प्रकार के विवाद की जानकारी नहीं है. बेटी की शादी मार्च माह में अमित से की थी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >