पटना पहुंचे रामायण के ‘राम’, सीतामढ़ी जाने की जताई इच्छा, नीतीश कुमार पर क्या बोले?

Ram Navami 2026: रामायण में भगवान राम की भूमिका निभाने वाले और भाजपा सांसद अरुण गोविल रामनवमी के मौके पर पटना पहुंचे. एयरपोर्ट पर उनका जोरदार स्वागत हुआ और उन्होंने बिहार की राजनीति व केंद्र सरकार के फैसलों पर अपनी राय रखी.

Ram Navami 2026: रामायण में भगवान राम का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले और अब मेरठ से भाजपा सांसद अरुण गोविल रामनवमी के मौके पर पटना पहुंचे. एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत हुआ और चारों ओर जय श्रीराम के नारे गूंज उठे. पटना एयरपोर्ट पर जैसे ही अरुण गोविल पहुंचे, वहां मौजूद समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया. हजारों की संख्या में लोग उन्हें देखने पहुंचे थे और पूरा माहौल भक्तिमय हो गया.

नीतीश कुमार के मुद्दे पर दिया संतुलित बयान

बिहार की राजनीति पर बात करते हुए अरुण गोविल ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संभावित इस्तीफे और राज्यसभा जाने की चर्चाओं पर सीधा कमेंट करने से परहेज किया. उन्होंने कहा कि यह उनकी पार्टी का आंतरिक मामला है और नीतीश कुमार एक वरिष्ठ नेता हैं, ऐसे में उनके फैसले पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा.

पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर केंद्र की तारीफ

पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती को लेकर अरुण गोविल ने केंद्र सरकार की सराहना की. उन्होंने कहा कि दुनिया भर में जहां ईंधन महंगा हो रहा है, वहीं भारत में कीमतें कम होना आम जनता के लिए बड़ी राहत है. उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग गलत जानकारी फैलाने की कोशिश कर रहे थे, जिसे सरकार के फैसले ने साफ कर दिया.

रामनवमी पर बिहार आना बताया सौभाग्य

अरुण गोविल ने बताया कि वे भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के निमंत्रण पर पटना आए हैं. उन्होंने कहा कि रामनवमी के पावन मौके पर बिहार आना उनके लिए बेहद खास है. उन्होंने बिहार को ज्ञान और तपस्या की भूमि बताते हुए कहा कि मां सीता के कारण उनका इस राज्य से गहरा जुड़ाव है.

सीतामढ़ी जाने की जताई इच्छा

उन्होंने यह भी कहा कि वे जल्द ही सीतामढ़ी जाकर माता सीता के दर्शन करना चाहते हैं. उनके अनुसार, यह यात्रा उनके लिए आध्यात्मिक रूप से बहुत महत्वपूर्ण है.

Also Read: पटना महावीर मंदिर में ड्रोन से फूलों की बारिश, 101 किलो नैवेद्यम का भोग, रामनवमी पर निकलेगी भव्य शोभायात्रा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhinandan pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >