ANM Misconduct: प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पुनपुन में कार्यरत एक एएनएम ने अस्पताल के ही एक कर्मी पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है. इस संबंध में एएनएम ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को लिखित शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाये जाने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है.
शिकायत के अनुसार, बीते बुधवार को सुबह करीब 10 बजे अस्पताल परिसर में वह कार्यालय के प्रथम तल पर वॉशरूम के पास खड़ी थीं. इसी दौरान कार्यालय के एक कर्मी द्वारा उनके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया गया. शिकायतकर्ता ने कहा है कि घटना से उन्हें मानसिक रूप से परेशानी हुई और कार्यस्थल पर महिला कर्मियों की सुरक्षा एवं गरिमा को लेकर भी चिंता उत्पन्न हुई है.
अन्य कर्मियों को भी दी मौखिक जानकारी
एएनएम ने मामले की मौखिक जानकारी अस्पताल में कार्यरत अन्य कर्मियों को भी देने की बात कही है. उन्होंने अधिकारियों से मामले की गंभीरता से जांच कर उचित कार्रवाई करने तथा भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है.
सिविल सर्जन और डीएम को भी दी शिकायत की प्रतिलिपि
एएनएम ने अपनी शिकायत की प्रतिलिपि सिविल सर्जन एवं पटना के जिलाधिकारी को भी दी है. उन्होंने अधिकारियों से मामले में आवश्यक कार्रवाई करने की गुहार लगायी है.
