पटना (बिहटा) से मोनु कुमार मिश्रा की रिपोर्ट
Amrita Singh Gold Medal : ग्रामीण परिवेश से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराने वाली विष्णुपुरा की बेटी अमृता सिंह ने क्षेत्र का मान बढ़ाया है. विष्णुपुरा निवासी देव कुमार सिंह एवं किरण देवी की छोटी पुत्री अमृता सिंह ने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ आंध्र प्रदेश से आईटी एवं रिटेल मैनेजमेंट की पढ़ाई के दौरान विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त कर यूनिवर्सिटी टॉपर बनने का गौरव हासिल किया.
राष्ट्रपति के हाथों मिला स्वर्ण पदक
उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अमृता सिंह को भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के हाथों स्वर्ण पदक प्रदान किया गया. उनकी इस उपलब्धि से परिवार ही नहीं, पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है.
क्षेत्र की बेटियों के लिए बनीं प्रेरणा
नगर परिषद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि सह समाजसेवी रिंकू सिंह सहित नगरवासियों और ग्रामीणों ने इसे बिहटा के लिए गर्व का क्षण बताया. उन्होंने कहा कि अमृता की सफलता क्षेत्र की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है. सीमित संसाधनों के बीच कठिन परिश्रम और लगन से हासिल की गई यह उपलब्धि साबित करती है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती.
सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में दे रही हैं सेवाएं
वर्तमान में अमृता सिंह एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं. उनकी सफलता से क्षेत्र के विद्यार्थियों में उच्च शिक्षा और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने का उत्साह बढ़ा है. अमृता की उपलब्धि पर परिजनों, शुभचिंतकों और स्थानीय लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.
Also Read: बांकीपुर उपचुनाव में BJP की साख दांव पर, प्रशांत किशोर उतरे तो उनके लिए भी होगी अग्निपरीक्षा
