Amit Shah Bihar Visit: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार शाम करीब 5 बजे बिहार के किशनगंज पहुंचे. एयरपोर्ट पर उनका स्वागत डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय और पथ निर्माण मंत्री दिलीप जायसवाल ने किया.
मेंची सभागार में हाई लेवल बैठक
किशनगंज पहुंचते ही अमित शाह मेंची सभागार में समीक्षा बैठक में शामिल हुए. यहां जिला प्रशासन, SSB, BSF और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सीमा सुरक्षा पर चर्चा हो रही है. बैठक में भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से विचार किया जा रहा है.
तीन सीमावर्ती जिलों पर फोकस
यह दौरा 25 से 27 फरवरी तक चलेगा. इसका मुख्य फोकस किशनगंज, अररिया और पूर्णिया जिलों पर है. तीनों जिले नेपाल सीमा से सटे हैं. सुरक्षा के लिहाज से यह क्षेत्र बेहद संवेदनशील माने जाते हैं. सीमा पार गतिविधियों, घुसपैठ और निगरानी तंत्र को मजबूत करने पर खास जोर दिया जा रहा है.
वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम में होंगे शामिल
अमित शाह किशनगंज के ‘वाइब्रेंट विलेज’ कार्यक्रम में भी शामिल होंगे. पूर्णिया पहुंचने के बाद वे हेलीकॉप्टर से किशनगंज आए. कलेक्ट्रेट में करीब तीन घंटे तक वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक प्रस्तावित है.
रात में होगी राजनीतिक बैठक
पहली प्रशासनिक बैठक के बाद अमित शाह मंत्री दिलीप जायसवाल के आवास पर दूसरी बैठक करेंगे. यह बैठक देर रात तक चल सकती है. इसमें भाजपा नेताओं के साथ राजनीतिक रणनीति पर चर्चा होगी. खासतौर पर 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति बन सकती है.
सूत्रों के अनुसार बंगाल के कई प्रभावशाली नेता भी किशनगंज पहुंचे हैं. सीमांचल और उत्तर बंगाल की भू-राजनीतिक स्थिति को देखते हुए भाजपा इस दौरे को अहम मान रही है.
सीमा सुरक्षा पर विशेष मंथन
बैठक में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर निगरानी तंत्र मजबूत करने, अवैध गतिविधियों पर रोक, खुफिया एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और तकनीकी निगरानी बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा हो रही है. स्थानीय प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों के तालमेल को भी प्राथमिकता दी जा रही है.
अररिया और पूर्णिया का भी दौरा
26 फरवरी को अमित शाह भाजपा नेताओं से मुलाकात करेंगे. इसके बाद वे अररिया के लिए रवाना होंगे. पूर्णिया और सीमावर्ती क्षेत्रों में भी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी.
Also Read: राजद MLC सुनील सिंह का शराबबंदी पर प्रहार, बोले- सदन परिसर में शराब की डिलीवरी कराकर दिखा दूंगा
