पटना : सात निश्चयों में शामिल युवाओं के कौशल विकास पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार काफी गंभीर हैं. उन्होंने सोमवार को श्रम संसाधन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की और कौशल विकास के क्षेत्र में किये जा रहे कार्यों की जानकारी ली. मुख्यमंत्री ने कौशल विकास के काम में तेजी लाने व उसे जल्द शुरू करने का निर्देश दिया. मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के कौशल विकास में समय की मांग का ध्यान रखा जाये. उन्होंने कंप्यूटर की जानकारी और संवाद कला पर विशेष जोर दिया.
श्रम संसाधन विभाग के सचिव दीपक कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री को कौशल विकास के क्षेत्र में विभाग की ओर से किये जा रहे कार्यों की जानकारी दी. कौशल विकास के लिए हर जिले में महिला आइटीआइ और सभी अनुमंडलों में सामान्य आइटीआइ खोला जाना है. नया आइटीआइ जिन जिलों में खोला जाना है, वहां के डीएम को जमीन के लिए कहा गया है. विभाग ने पांच साल में एक करोड़ युवाओं के कौशल विकास का लक्ष्य रखा है. सभी प्रखंडों में कौशल विकास केंद्र खुलना है. श्रम संसाधन विभाग के सचिव मे बैठक में बताया कि कई संस्थाओं के साथ पिछले दिनों इस संबंध में बात हुई है. यहां की जरूरत को ध्यान में देख कर कौशल विकास किया जायेगा.
बैठक में विहार विकास मिशन से जुड़े अधिकारियों के अलावा मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिंह, विकास आयुक्त शिशिर सिन्हा, मिशन निदेशक अतीश चंद्रा और सीएम के सचिव चंचल कुमार आदि उपस्थित थे.
