Patna News: राजधानी में बिना अनुमति लगे 73 मोबाइल टावर चिन्हित; सबसे ज्यादा पाटलिपुत्र अंचल में, नगर निगम ने मांगा जवाब

पटना नगर निगम अवैध मोबाइल टावरों के खिलाफ सख्त हो गया है. 73 टावरों को बिना अनुमति के पाया गया है और उनके मालिकों को नोटिस जारी किया गया है. संतोषजनक जवाब न मिलने पर सीलिंग और जब्ती जैसी कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

Patna News: राजधानी में बिना पूर्व अनुमति व स्वीकृत आदेश लिए लगे मोबाइल टावर पर भी पटना नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है. नगर निगम प्रशासन ने नियमों का उल्लंघन कर अपने घरों के छतों व परिसर में लगाने वाले लोगों को नोटिस दिया है. मालूम हो कि पटना में चार प्रमुख मोबाइल कंपनियों ने अपना मोबाइल टावर लगाया है. वहीं, नगर निगम क्षेत्र में वर्तमान में करीब 1874 मोबाइल टावर कार्यरत हैं. इनमें से करीब 73 मोबाइल टावर बिना किसी अनुमति के स्थापित पाए गए हैं.

नगर निगम के सर्वे के बाद आवासीय इलाके में अवैध पाए गए इन सभी 73 मोबाइल टावरों के मालिकों को नोटिस थमाया है. नोटिस के जरिए उनसे लिखित जवाब तलब किया गया है कि बिना अनुमति के टावर का निर्माण क्यों और कैसे किया गया.

बिना अनुमति पाटलिपुत्र अंचल में लगे सबसे अधिक टावर

नगर निगम के अंतर्गत पाटलिपुत्र अंचल में सबसे अधिक टावर बिना अनुमति के लगाए गये हैं. यहां करीब 31 अवैध टावरों को नोटिस भेजा गया है. इसके अलावा अजीमाबाद अंचल में 14, कंकड़बाग अंचल में 9, बांकीपुर अंचल में 9, नूतन राजधानी अंचल में 8 तथा पटना सिटी अंचल में 1 बिना अनुमति वाले टावर को चिह्नित कर नोटिस जारी किया गया है. निगम प्रशासन का कहना है कि ऑप्टिकल फाइबर के लिए भी अनुमति लेना जरूरी है. साथ ही, बिल्डिंग बाय लॉज के अनुसार ही टावर स्थापित कर सकते हैं.

इन इलाकों में पाये गये अवैध Mobile Tower

नोटिस मुख्य रूप से राजीव नगर, अभियंता नगर, त्रिशूल कॉलोनी, शिवपुरी, दुजरा, बैंक रोड, बुद्धा कॉलोनी, इस्ट पटेल नगर, इंद्रपुरी, भट्टाचार्य रोड, राजाबाजार, श्रीकृष्णापुरी, आदर्श कॉलोनी, अशोक नगर, चांदमारी रोड, हनुमान नगर, योगीपुर, बैंक मैंस कॉलोनी, लोहानीपुर, महेंद्रू, अगमकुआं, सरस्वती बिहार कॉलोनी, बड़ी पटन देवी तथा दीदारगंज चेक पोस्ट सहित आसपास के अन्य क्षेत्रों में लगे अवैध टावरों को लेकर जारी किया गया है. सुप्रीम कोर्ट में चल रहे मामलों व तय मानकों के आलोक में इन्हें नोटिस किया गया है.

अब से अंचल कार्यालय में EO नियमित कर रहे सुनवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम ने अंचलवार समीक्षा शुरू कर दी है. नोटिस पाने वाले सभी लोगों को संबंधित अंचल कार्यालयों में उपस्थित होकर अपना पक्ष व आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं. नियमित रूप से हर दिन अंचलों में सुनवाई चल रही है. रिपोर्ट और जानकारी प्राप्त होने के बाद कार्यपालक अधिकारी (EO) स्तर पर इसकी विधिवत सुनवाई की जाएगी.

यदि सुनवाई के दौरान संतोषजनक जवाब या वैध कागजात नहीं दिए गए, तो निगम प्रशासन इन अवैध टावरों के खिलाफ सीलिंग और जब्ती सहित कड़ी दंडात्मक कार्रवाई कर सकता है.

अंचलवार जारी हुआ नोटिस

पाटलिपुत्र अंचल: 31 नूतन राजधानी अंचल: 8 कंकड़बाग अंचल: 9 बांकीपुर अंचल: 9 अजीमाबाद अंचल: 14 पटना सिटी अंचल: 01

पटना में इतने मोबाइल टावर हैं कार्यरत

बीएसएनएल (BSNL): 324 जियो (Jio): 600 एयरटेल (Airtel): 550 वीआइ (VI): 400


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By हिमांशु देव

हिमांशु देव सितंबर 2023 से पटना में प्रभात खबर से जुड़कर प्रिंट और डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. कला, साहित्य-संस्कृति, नगर निगम और स्मार्ट सिटी से जुड़ी खबरों पर प्रमुखता से काम किया है. महिला, युवा और जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाना प्राथमिकता में शामिल है. व्यक्तिगत तौर पर किताबें पढ़ना और नई जगहों को एक्सप्लोर करना अच्छा लगता है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >