देश को बिहार जैसी गोलबंदी की जरूरत

पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को एक बार फिर भाजपा के खिलाफ राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी राजनीतिक गोलबंदी की वकालत की है. सीपीआइ कार्यालय परिसर में भाकपा नेता एबी बर्धन की स्मृति में आयोजित सर्वदलीय श्रद्धाजंलि सभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि देश को बिहार जैसी गोलबंदी की जरूरत है. उन्होंने कहा […]

पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को एक बार फिर भाजपा के खिलाफ राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी राजनीतिक गोलबंदी की वकालत की है. सीपीआइ कार्यालय परिसर में भाकपा नेता एबी बर्धन की स्मृति में आयोजित सर्वदलीय श्रद्धाजंलि सभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि देश को बिहार जैसी गोलबंदी की जरूरत है. उन्होंने कहा कि देश में आज आवारा पूंजीवाद का दौर चल रहा है, लोग तन्ख्वाह की बात भूल गये हैं. अब पैकेजिंग का युग आ गया है. देश में वैचारिक और धार्मिक असहिष्णुता का माहौल है. इससे देश तरक्की नहीं कर सकती. देश पर हावी ताकतों से लड़ने के लिए हमें राजनीति की नयी रणनीति बननी होगी. इसके लिए बड़ी गोलबंदी करनी होगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य में दकियानुसी विचारों काे तरजीह मिल रही है.
बड़ी गोलबंदी ही बर्धन को श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की राजनीति में मजदूर आंदोलन को शिखर पर पहुंचाने में एबी बर्धन का अमूल्य योगदान है, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता. उनका सिर्फ अपने दल के साथ ही नहीं, बल्कि अन्य लोकतांत्रिक व समाजवादी दलों के साथ बेहतर संबंध था. सभी दलों के साथ उन्होंने बेकहतर समन्वय बनाने का भी काम किया था. 2014 के लोकसभा चुनाव में उनकी मध्यस्थता में बेहतर तालमेल भी हुआ था. उन्होंने अपने छात्र आंदोलन और पुराने दिनों की याद दिलाते हुए कहा कि तब प्रगतिशील विचारों के प्रभाव था, हम गोलबंदी को सोचें, यही एबी बर्धन को सच्ची श्रद्धाजंलि होगी. सीएम ने कहा देश की मौजूदा परिस्थितियों में प्रगतिशील एवं समाजवादी विचारधारा के लोगों को राजनैतिक एवं सामाजिक चुनौतियों का सामना करने के लिए एकजुट होने की जरूरत है.
उन्होंने कहा कि देश में लोकतांत्रिक एवं धर्मनिपरेक्ष ताकतों को मिल कर मौजूदा हालात से निबटते हुए समावेशी विकास, सहिष्णुता, सामाजिक समरसता और सामाजिक न्याय के रास्ते पर देश और समाज को आगे बढ़ाना है. इस प्रकार का वातावरण किसी देश के विकास में बाधक है. विकास के लिये सभी दलों को पूर्वाग्रहों को त्यागना जरूरी है, अन्यथा हम अपने विचारों को आगे नहीं बढ़ा पायेंगे और लक्ष्य को प्राप्त नहीं कर पायेंगे.
पाकिस्तान की घटना निंदनीय
श्रद्धांजलि सभा के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पाकिस्तान में आतंकी हमले की घटना निंदनीय है. इसकी जितनी निंदा की जाये, कम है. सबको मिल कर वैचारिक स्तर पर ऐसी ताकतों से लड़ना होगा.
दलित छात्र के आत्महत्या मामले की जांच हो
हैदराबाद विवि के दलित छात्र से दुर्व्यवहार का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि दलित छात्र आत्महत्या कर रहे हैं, यह हालात चिंताजनक हैं. उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की. कहा, 90 के दशक के बाद देश में उदारता का दौर आया. इस दौर में विचार ढीले पड़ गये. मौजूदा माहौल से मुकाबला करने के लिए हमें अपनी जमात से बाहर होकर सोचना होगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >