Ashok Dham Temple : लखीसराय के प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया. मंदिर परिसर में 11,000 वोल्ट का हाईटेंशन बिजली का तार टूटकर श्रद्धालुओं के ऊपर जा गिरा. हादसे में कम से कम 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 12 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं. घायलों में कुछ की हालत गंभीर है और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है.
हादसा उस वक्त हुआ जब सोमवार की सुबह अशोक धाम मंदिर में पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे. मंदिर परिसर में लोगों की भीड़ थी और श्रद्धालु कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे. इसी दौरान अचानक 11 हजार वोल्ट का बिजली का तार टूटकर नीचे गिर गया.
तार गिरते ही मची भगदड़
हाईटेंशन तार के गिरते ही मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई. करंट की चपेट में आने से कई श्रद्धालु झुलस गए. हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की कोशिश शुरू की.
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. सबसे पहले बिजली की आपूर्ति बंद कराई गई, ताकि टूटे हुए तार से और लोगों के चपेट में आने का खतरा खत्म किया जा सके. इसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया.
अशोक धाम जैसे धार्मिक स्थल की सुरक्षा पर उठे सवाल
अशोक धाम लखीसराय का प्रमुख धार्मिक स्थल है, जहां अलग-अलग इलाकों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा और दर्शन के लिए पहुंचते हैं. ऐसे में मंदिर परिसर में हाईटेंशन बिजली का तार टूटकर श्रद्धालुओं के बीच गिरने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि 11,000 वोल्ट का तार किस वजह से टूटा और मंदिर परिसर के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की सुरक्षा व्यवस्था कैसी थी.