IIT Patna: (अमृता सिंह की रिपोर्ट) भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) पटना के दीक्षांत समारोह में सोमवार को 57 वर्षीय शिक्षक अंशु कुमार सिंह को एमबीए की डिग्री प्रदान की गई. उन्होंने आईआईटी पटना के सेंटर फॉर एजुकेशनल टेक्नोलॉजी के अंतर्गत संचालित एमबीए कार्यक्रम को उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के साथ सफलतापूर्वक पूरा किया. अंशु कुमार सिंह ने पूरे पाठ्यक्रम के दौरान 9 सीपीआई (CPI) तथा अंतिम सेमेस्टर में 9.16 एसपीआई (SPI) प्राप्त किया. आईआईटी पटना के निदेशक प्रो. टी. एन. सिंह ने दीक्षांत समारोह में उन्हें डिग्री प्रदान की.
उत्कृष्ट प्रदर्शन से पेश की प्रेरणादायक मिसाल
57 वर्ष की आयु में आईआईटी पटना जैसे प्रतिष्ठित संस्थान से एमबीए की डिग्री प्राप्त कर अंशु कुमार सिंह ने यह साबित कर दिया कि सीखने और नई उपलब्धियां हासिल करने के लिए उम्र कभी बाधा नहीं बनती. शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े होने के बावजूद उन्होंने अपनी शैक्षणिक यात्रा को आगे बढ़ाते हुए उत्कृष्ट अंक प्राप्त किए.
बोले- सीखने की कोई उम्र नहीं होती
डिग्री प्राप्त करने के बाद अंशु कुमार सिंह ने कहा कि वह एक शिक्षक हैं और शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करते हुए आईआईटी पटना जैसे प्रतिष्ठित संस्थान से एमबीए पूरा करना उनके लिए गर्व और संतोष का विषय है. उन्होंने कहा कि यदि व्यक्ति में आगे बढ़ने की इच्छा और सीखने का जज्बा हो तो किसी भी आयु में नई उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं. सीखने की कोई उम्र नहीं होती और निरंतर ज्ञान अर्जित करने की भावना ही सफलता का मार्ग प्रशस्त करती है.
अंशु कुमार सिंह की यह उपलब्धि न केवल शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए बल्कि उन सभी लोगों के लिए प्रेरणादायक है, जो उम्र को अपनी प्रगति में बाधा मानते हैं.
