पटना: वैलेंटाइन डे को प्यार के इजहार करने का दिन माना जाता है. देश के कई हिस्सों के साथ ही बिहार में भी वैलेंटाइन डे का खुमार प्रेमी जोड़ों के सिर चढ़कर देखने को मिला. पार्क समेत शॉपिंग मॉल्स में प्रेमी जोड़े घूमते देखे गये. दूसरी तरफ पटना के बोरिंग रोड इलाके में अजीबोगरीब वाकया देखने को मिला. जहां प्रेमिका ने सरेराह प्रेमी को जोरदार थप्पड़ जड़ दिया. इस दौरान करीब तीस मिनट तक सड़क पर हंगामा होता रहा और लोग तमाशबीन बने रहे.
प्रेमी की बेवफाई से पूर्व प्रेमिका नाराज
ये सारी घटना पटना के बोरिंग रोड स्थित बुद्धा कॉलोनी के आनंदपुरी से सामने आयी है. दरअसल, एक युवक बाल कटवाने के लिए आया हुआ था. इसी दौरान पूर्व प्रेमिका की नजर उस पर पड़ गयी. युवती ने आव न देखा ताव और युवक की जमकर धुनाई कर दी. इस घटना को देखकर आसपास भारी भीड़ जमा हो गयी. युवक ने बताया कि वो किसी और युवती से प्रेम करता है. ये बात पूर्व प्रेमिका को भी पता है. इसके चलते उसने पूर्व प्रेमिका से किनारा कर लिया. जिसे वो बर्दाश्त नहीं कर सकी और उसकी पिटाई कर दी.
युवती ने लगाया बदनाम करने का आरोप
दूसरी तरफ युवक को पीटने वाली युवती ने युवक पर कई सनसनीखेज आरोप लगाये. उसका आरोप था कि दोस्तों के बीच युवक उसे बदनाम कर रहा था. उसके बारे में दोस्तों को गलत बातें बता रहा था. जिसके बाद उसने गुस्से में युवक की पिटाई कर दी. हालांकि, युवक ने पुलिस से शिकायत करने की बात कही है. दूसरी तरफ वैलेंटाइन डे के दिन सरेराह पूर्व प्रेमिका के हंगामे की घटना इलाके में चर्चा का कारण बनी रही.
