वाहन बदलने में यात्रियों को हो रही परेशानी
पटना : एयरपोर्ट परिसर में ऑटो की इंट्री पर रोक लगाये जाने से नाराज ऑटो चालकों ने इंटी गेट पर प्रदर्शन किया. वहीं ऑटो से एयरपोर्ट आनेवाले यात्रियों को इंट्री गेट से इ-रिक्शा से पहुंचाये जाने पर यात्रियों को परेशानी हो रही है.
खासकर सामान के साथ आनेवाले यात्रियों को ऑटो से खुद उठा कर सामान इ-रिक्शा में रखना पड़ रहा है. ऑटो के बाहर रुकने पर जाम की स्थिति बन रही है. एयरपोर्ट अथॉरिटी ने 11 फरवरी से परिसर के अंदर सभी तीन पहिया व बाहरी इ-रिक्शा के प्रवेश पर पाबंदी लगा दी है.
इंट्री पर पाबंदी लगाने के खिलाफ पटना जिला महिला/पुरुष ऑटो रिक्शा चालक संघ व ऑटो रिक्शा चालक संघ के संयुक्त बैनर के तहत धरना दिया गया. धरना को कॉर्डिनेशन कमिटी ऑफ ट्रेड यूनियन एंड एसोसिएशन के संयोजक मंजूल कुमार दास ने समर्थन किया.
उन्होंने एयरपोर्ट के निदेशक से मांग की है कि गरीब और प्रत्येक दिन कमाकर खानेवाले ऑटो चालकों के एयरपोर्ट इंट्री पर रोक को हटायी जाये. ऑटो चालकों ने कहा कि मांग पूरी नहीं होने तक प्रत्येक दिन दोपहर 12 बजे से दो बजे तक धरना रहेगा. इधर, समस्याओं को लेकर चालक दल का एक प्रतिनिधिमंडल एयरपाेर्ट अथॉरिटी से मिला.
