पटना : खगौल में शिवम ज्वेलर्स में कोई लूट नहीं हुई थी. दुकानदार ने ही बीमा लाभ के लिए लूट की झूठी कहानी गढ़ी थी. उसके ऊपर भारी भरकम कर्ज है. पुलिस मंगलवार को घटना के दिन से ही इसको संदिग्ध मान रही थी और पुलिस को इसके सबूत भी मिल गये हैं. पुलिस ने घटना के फर्जीवाड़ा को पकड़ लिया है. जांच में लूट की कहानी नाटकीय निकली है.
पुलिस ने इस मामले में जुड़े कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो सबकुछ स्पष्ट हो गया. हालांकि सूत्रों की मानें, तो सभी लोग अपने कर्ज को लेकर दबाव बनाये हुए थे. इसको लेकर ज्वेलरी मालिक परेशान था. अपने कुछ सहयोगियों से मिलकर ज्वेलरी दुकानदार ने करोड़ों की ज्वेलरी लूट का मामला बना दिया और चार अज्ञात अपराधियों के खिलाफ एफआइआर तक दर्ज करा दिया. फिर एक-एक कर ज्वेलरी दुकान के मालिक, कर्मचारी व अन्य परिजनों से पूछताछ की तो अलग-अलग बयान सामने आया. इसके बाद सबकुछ स्पष्ट हो गया.
बीमा के लिए रचा झूठ
ज्वेलरी शॉप में लूट नहीं हुई थी. दुकानदार ने फर्जी मनगढ़ंत कहानी बनायी थी. वह लूट साबित करके बीमा का लाभ लेना चाहता था. लेकिन, पुलिस के अनुसंधान में उसका झूठ पकड़ा गया है.
उपेंद्र शर्मा, एसएसपी, पटना
