पटना : दो दिवसीय बैंक हड़ताल के कारण पटना जिले के लगभग 80 फीसदी एटीएम कैशलेस हो जाने के कारण सोमवार को लोग एटीएम से पैसे निकालने के लिए दिनभर परेशान रहे. सार्वजनिक बैंकों के एटीएम शनिवार को कैश आउट हो गये थे.
एटीएम कैशलेस होने के कारण लोगों को प्राइवेट बैंकों से पैसे निकालने पड़े, लेकिन पैसे निकालने के लोगों को घंटे लाइन में खड़ा होना पड़ा. बैंक हड़ताल से पूर्व बैंक प्रबंधन ने दावा किया था कि लोगों को कैश के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा. हड़ताल की वजह से शुक्रवार, शनिवार और रविवार को एटीएम में कैश डालने का काम पूरी तरह से बंद हो जाने से 80 फीसदी एटीएम कैश आउट हो गया. इसके कारण सोमवार को लोगों को एटीएम से पैसे निकालने के लिए एक एटीएम से दूसरे एटीएम का चक्कर लगाने को मजबूर रहे.सबसे अधिक परेशानी स्टेट बैंक के ग्राहकों को : पटना जिले में लगभग 1475 एटीएम हैं.
इनमें अकेले स्टेट बैंक की एटीएम संख्या 322 है. सबसे अधिक परेशानी स्टेट बैंक ग्राहकों को उठानी पड़ी. जिन एटीएम में कैश थे वहां लोगों की लंबी लाइन देखने को मिली. गांधी मैदान, कंकड़बाग, राजेंद्र नगर, पीएमसीएच, अशोक राजपथ, आर ब्लाॅक, सचिवालय, पाटलिपुत्र कालोनी इलाके में लगी एटीएम से पैसे निकालने के लिए लोगों को इंतजार करना पड़ा. वहीं एजेंसी द्वारा संचालित पीएनबी, बैंक ऑफ इंडिया, सेंट्रल बैंक, केनरा बैंक, इलाहाबाद, यूनियन बैंक सहित अन्य बैंक के अधिकांश एटीएम में सोमवार शाम तक कैश आउट रहा. शहरी क्षेत्र में तो दोपहर दो-तीन बजे के बाद एटीएम में कैश अपलोड शुरू हो गया था.
