मोबाइल दस्ता सिपाही नियुक्ति परीक्षा : कान में ब्लूटूथ, अंडरवियर में फोन रख कर रहा था नकल

पटना : परिवहन विभाग के अंतर्गत ‘चलंत दस्ता सिपाही’ की भर्ती परीक्षा में दीघा पुलिस ने नकल करते एक मुन्ना भाई को गिरफ्तार किया है. उसके पास से इलेक्ट्राॅनिक डिवाइस पकड़ी गयी है. वह परीक्षा के दौरान कान में ब्लूटूथ लगाये हुए था. परीक्षा हॉल में तलाशी के दौरान उसके सिर से टोपी हटायी गयी, […]

पटना : परिवहन विभाग के अंतर्गत ‘चलंत दस्ता सिपाही’ की भर्ती परीक्षा में दीघा पुलिस ने नकल करते एक मुन्ना भाई को गिरफ्तार किया है. उसके पास से इलेक्ट्राॅनिक डिवाइस पकड़ी गयी है. वह परीक्षा के दौरान कान में ब्लूटूथ लगाये हुए था. परीक्षा हॉल में तलाशी के दौरान उसके सिर से टोपी हटायी गयी, तो ब्लूटूथ मिला.
शरीर की तलाशी ली गयी तो उसके अंडरवियर से स्मार्ट फोन बरामद किया गया. परीक्षा इंद्रस्थली में हो रही थी. उसकी पहचान सुनील कुमार के रूप में हुई है. वह जमुई का रहने वाला है. पूछताछ में पता चला है कि वह परीक्षा के प्रश्नपत्र को आउट कर रहा था. बाहर से सवाल का जवाब मंगा रहा था.
परीक्षा हाल में उसकी हरकतों को देखकर उसे पकड़ा गया. इसके साथ ही भोजपुर में एक अभ्यर्थी पर्ची के साथ पकड़ा गया. एक केंद्र पर अभ्यर्थी ओएमआर शीट लेकर भाग गया. गौरतलब है कि ‘चलंत दस्ता सिपाही’ के 496 पदों के लिए रविवार को लिखित परीक्षा संपन्न हो गयी. चार शहरों के 56 परीक्षा केंद्रों पर करीब 22,000 अभ्यर्थी इसमें शामिल हुए. परीक्षा के दौरान नकल करने की कोशिश करने वाले दो अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया गया है. तीन अभ्यर्थियों को परीक्षा से निष्कासित कर दिया.
कड़ी निगरानी में हुई परीक्षा : ओएसडी
केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती ) के ओएसडी कमलकांत प्रसाद ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सख्त निगरानी में परीक्षा हुई. उपस्थिति बायोमीटरिक तरीके से ली गयी थी. फिंगरप्रिंट के साथ-साथ अभ्यर्थियों की फोटाेग्राफी भी करायी गयी. कुछ जगह अभ्यर्थियों ने नकल करने की कोशिश की, तो उन पर कार्रवाई की गयी. उन्होंने दावा किया कि इस परीक्षा में दलाल अपने मंसूबे पूरे नहीं कर पाये. पर्षद के पदाधिकारी सेंटरों पर नजर रखे हुए थे.
77 फीसदी अभ्यर्थी परीक्षा में हुए शामिल
केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती ) ने परिवहन विभाग के लिए मोबाइल दस्ता सिपाही के लिए पिछले साल अक्तूबर में रिक्तियां निकाली थीं. 29 अक्तूबर, 2019 से आवेदन लिये गये थे. 496 पदों के लिए 29,048 अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा के योग्य पाया गया था. भोजपुर, दरभंगा, बक्सर व पटना में 56 केंद्र बनाये गये थे. एक पाली में हुई इस परीक्षा में 77% उपस्थिति रही. परीक्षा में इंटरमीडिएट स्तर के सवाल थे. दो घंटों के प्रश्नपत्र में कुल 100 आॅब्जेक्टिव सवाल थे. लिखित परीक्षा अंतिम मेधा सूची नहीं होगी. यह केवल शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए होगी. 30% से कम नंबर लाने वाले फेल माने जायेंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >