मंत्री ने पीरबहोर थाने को कार्रवाई का दिया निर्देश
पटना : भाजपा के सहयोग कार्यक्रम में पहुंचे पटना के पूर्व मेयर संजय कुमार ने श्रम संसाधन मंत्री विजय कुमार सिन्हा से अपनी व्यथा सुनायी. उन्होंने कहा कि एक निर्माण कार्य को लेकर उनके मोहल्ले के ही रिंकू व कन्हाई यादव दस लाख की रंगदारी मांग रहे हैं. रंगदारी नहीं देने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं. पूर्व मेयर संजय कुमार शहर के वार्ड संख्या-39 के भंवर पोखर में रहते हैं. इस पर मंत्री ने पीरबहोर थाने से बात की और इस मामले में तुरंत कार्रवाई करने को कहा. इस दौरान मंत्री ने अन्य फरियादियों की भी समस्याएं सुनीं. इस दौरान मंत्री ने राजधानी में लगे पोस्टरवार पर कहा कि राजद के मुख से घोटाले की चर्चा बड़ी ही हास्यास्पद है. जिस पार्टी का नेतृत्व और राष्ट्रीय अध्यक्ष घोटाले के आरोप में जेल में हो, उस पार्टी की तरफ से घोटाले की चर्चा करना बेमानी है.
आइटीआइ के छात्रों को इंटर स्तरीय मान्यता
सहयोग कार्यक्रम में श्रम संसाधन मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि राज्य में आइटीआइ के छात्रों को इंटर स्तरीय मान्यता मिल गयी है. राज्य सरकार के विकास के आयाम की यह सबसे बड़ी उपलब्धि है. पहले जहां इसका वार्षिक बजट 60 करोड़ था, जो अब बढ़कर 560 करोड़ का हो गया है. पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि एक समय था, जब लालू-राबड़ी के जंगलराज में छात्र पढ़ने के लिए बिहार से बाहर जाया करते थे. लेकिन, अब प्रदेश के लगभग सभी जिलों में सभी प्रकार के तकनीकी संस्थान खुल गये हैं. इस वजह से पढ़ने के लिए राज्य से बाहर जाने वाले छात्रों की संख्या पहले की तुलना में काफी कम हो गयी है़
