विशेषज्ञ चिकित्सकों के कई पद रह जायेंगे खाली
पटना : पिछले दिनों प्रदेश के विभिन्न सरकारी अस्पतालों में 13 विभागों के 2425 विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति का विज्ञापन निकला. गत 18 दिसंबर से इसके लिए काउंसेलिंग की जा रही है और जनवरी के अंत या फरवरी के पहले सप्ताह में इसका रिजल्ट भी आ जायेगा. लेेकिन इन सबके बावजूद विशेषज्ञ मेडिकल चिकित्सकों के कई पदों के खाली रह जाने की आशंका है.
इसकी वजह है कि कई विभागों में रिक्तियों से भी कम संख्या आवेदक और काउंसेलिंग में शामिल अभ्यर्थियों की रही है. उदाहरण के लिए एनेस्थेटिक को लिया जा सकता है, जिसमें रिक्तियों की कुल संख्या 300 है. इसके लिए 177 चिकित्सकों ने आवेदन दिया है, जिसमें केवल 104 काउंसेलिंग में शामिल हुए हैं. ऐसे में काउंसेलिंग में शामिल सभी चिकित्सकों का चयन हो भी जाये तो भी 196 पदों का खाली रह जाना तय है. यही स्थिति कुछ अन्य विभागों की भी है. माइक्रो बायोलॉजी, नेत्र रोग विशेषज्ञों तथा पैथोलॉजी के लिए अभी काउंसेलिंग शुरू नहीं हुई है, लेकिन अन्य 10 विभागों के खाली पदों के लिए केवल 1583 आवेदन मिले हैं.
सात-आठ तक शुरू होगी एमबीबीएस की काउंसेलिंग : तीन जनवरी को विशेषज्ञ चिकित्सकों की काउंसेलिंग समाप्त हो जायेगी. उसके बाद दो-तीन दिन उन चिकित्सकों के लिए समय दिया जायेगा जो किसी अपरिहार्य कारण से काउंसेलिंग में शामिल नहीं हो पाये थे. सात-आठ जनवरी से एमबीबीएस चिकित्सकों की काउंसेलिंग शुरू होगी. उसके लिए रिक्तियों की संख्या 4012 है अौर आवेदकों की संख्या उससे कुछ अधिक हैं. लिहाजा इनके भरने की संभावना बनती है.
