पटना सिटी : बाइपास थाना के सोनालिका नगर में बीते 25 दिसंबर रात अपराधियों ने सेवानिवृत्त कर्मी राम प्रसाद सिंह के घर में परिजनों को बंधक बना कर दो लाख रुपये नकद व 16 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति की डकैती डालने के मामले में पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. हालांकि पुलिस अभी कुछ बताने की स्थिति में नहीं है. पुलिस सूत्रों की मानें तो अपराधियों के हुलिया के आधार पर पुलिस टीम गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
तफ्तीश में यह बात सामने आयी है कि एक डकैत की उम्र लगभग 40 से 50 वर्ष व बाकी की 20 से 30 वर्ष है. मोटा दिखने वाला एक अपराधी परिजनों के साथ मारपीट कर रहा था. सभी ने पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर मफलर लपेट रखा था. इतना ही नहीं एक -दूसरे से इशारे में बात कर रहे थे.
इसी दौरान एक अपराधी का नाम लेकर पुकारा गया, जिस पर दूसरे अपराधी ने डाट लगायी. नगर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि टीम गठित कर अपराधियों के खिलाफ छापेमारी की जा रही है. क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने व सघन गश्ती का निर्देश थाना को दिया गया है.
