पटना : निगम क्षेत्र में स्थित सरकारी भवनों पर सोलर प्लेट लगा कर सौर ऊर्जा से बिजली उत्पादन करना है, ताकि ग्रिड आधारित बिजली पर निर्भरता कम की जा सके. इस प्रोजेक्ट के तहत 21 सरकारी भवनों को चयनित किया गया.
चयनित भवनों पर सोलर प्लेट लगाने को लेकर स्मार्ट सिटी लि. ने जनवरी माह में ब्रेडा के साथ एग्रीमेंट किया और वर्क ऑर्डर दिया, ताकि अगले तीन माह में शत प्रतिशत चयनित भवनों पर सोलर प्लेट लगने के साथ ही बिजली उत्पादन शुरू हो जाये. लेकिन, 11 माह में सिर्फ छह बिल्डिंग में प्लेट इंस्टॉल किया गया. मात्र एक सोलर प्लेट से बिजली उत्पादन शुरू हो सका है.
सिर्फ 125 केवी हो रहा बिजली उत्पादन : बांकीपुर बालिका उच्च विद्यालय के चार भवनों के साथ साथ डीएम ऑफिस, प्रमंडल आयुक्त कार्यालय, तारामंडल, सिन्हा लाइब्रेरी और बिहार राज्य पुलिस परिवहन मुख्यालय में सोलर प्लेट इंस्टॉल किया गया है. इसमें सिर्फ बांकीपुर बालिका उच्च विद्यालय में लगाये गये प्लेट से 125 केवी बिजली उत्पादन किया जा रहा है. शेष पांच बिल्डिंग में लगाये गये सोलर प्लेट से बिजली उत्पादन शुरू नहीं हो सका है.
कहीं एनओसी, तो कहीं अनदेखी से रुका है काम
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत बुद्ध स्मृति पार्क के बिल्डिंग, एएन कॉलेज, उद्योग भवन, पथ परिवहन निगम कार्यालय, रवींद्र भवन, बिहार म्यूजियम, गंगा रिवर फ्रंट और क्राइस चर्च स्कूल आदि भवन की छत के ऊपर सोलर प्लेट लगाना है.
इसको लेकर संबंधित विभाग से एनओसी की मांग की गयी है, जो अब तक प्रक्रिया में है. वहीं, यूथ हॉस्टल, रेड क्राॅस, न्यू पुलिस लाइन, फायर ब्रिगेड कार्यालय, बिस्कोमान भवन व बिहार विद्यालय परीक्षा समिति कार्यालय आदि भवन का एनओसी मिला हुआ है. लेकिन, स्मार्ट सिटी लि. व ब्रेडा प्रशासन की अनदेखी से प्लेट लगाने का काम रुका हुआ है.
