पटना : दीघा थाना क्षेत्र के रूपसपुर नहर स्थित मुसहरी के पास अनियंत्रित डंपर चालक ने एक युवक (25) को टक्कर मार दी. इससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गयी. मौके से चालक फरार हो गया जबकि पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है. घटना शुक्रवार की देर शाम उस समय की है जब युवक मुख्य सड़क पार कर रहा था. पुलिस युवक की पहचान नहीं कर पायी है. वहीं, आक्रोशित स्थानीय लोगों ने डंपर पर पत्थरबाजी कर क्षतिग्रस्त कर दिया.
शव रख हंगामा, सड़क जाम : आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रख कर काफी हंगामा किया. आगजनी कर लोगों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे वाहनों का आना-जाना बंद हो गया. करीब एक घंटे तक लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया तो प्रदर्शनकारियों का गुस्सा शांत हुआ. लोगों ने बताया कि दीघा में गंगा नदी से बालू लादने का काम चल रहा है. ऐसे में दीघा रोड से रोजाना सैकड़ों ट्रक, डंपर आदि बड़े वाहनों का आना-जाना होता है. जल्दी बालू लादने व गाड़ी का नंबर की होड़ मची रहती है.
बालू लादने गया था डंपर
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दीघा व रूपसपुर नहर के बीच सड़क निर्माण का कार्य किया जा रहा है. जहां गंगा नदी से बालू लाद डंपर तेज गति से निर्माण स्थल पहुंच पर जा रहा था. सड़क क्रॉस करते हुए युवक को डंपर चालक ने टक्कर मार दी. इससे युवक की मौके पर ही मौत हो गयी.
क्या कहते हैं थानाप्रभारी
मृतक युवक की पहचान नहीं हो पायी है. दुर्घटना के बाद आरोपित चालक फरार हो गया है. पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है. गाड़ी नंबर के आधार पर मालिक से संपर्क कर आरोपित ड्राइवर को पकड़ने की कार्रवाई की जा रही है. जल्द ही ड्राइवर पकड़ा जायेगा. वहीं जब्त गाड़ी को ट्रैफिक पुलिस के हवाले सौंपा गया.
मनोज कुमार सिंह, थाना प्रभारी दीघा
