पटना : ठंड बढ़ने के साथ-साथ रात में कुहासा भी छाने लगा है. इस ठंड व कुहासा से दानापुर रेलमंडल में आने और गुजरने वाली ट्रेनों की स्पीड पर ब्रेक लग गया है. इससे एक्सप्रेस ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही हैं. बुधवार को पटना जंक्शन, दानापुर व पाटलिपुत्र जंक्शन आने वाली ट्रेनें डेढ़ से चार घंटे तक की देरी से पहुंचीं, जिससे एक्सप्रेस ट्रेनों के यात्री परेशान होने लगे हैं.
श्रमजीवी तीन व संघमित्रा साढ़े तीन घंटे की देरी से पहुंची : बुधवार को दिल्ली से आने वाली संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस 2:20 घंटे, मगध एक्सप्रेस 3:00 घंटे, श्रमजीवी एक्सप्रेस 3:15 घंटे, राजधानी एक्सप्रेस 1:20 घंटे, विक्रमशिला एक्सप्रेस 1:00 घंटे, ब्रह्मपुत्र मेल 2:55 घंटे की देरी से पटना जंक्शन पहुंची.
वहीं, बेंगलुरु से दानापुर आने वाली संघमित्रा एक्सप्रेस 3:30 घंटे, यशवंतपुर-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस 1:20 घंटे, सूरत-भागलपुर एक्सप्रेस 3:40 घंटे, मुंबई-भागलपुर एक्सप्रेस 1:35 घंटे, अमृतसर-हावड़ा एक्सप्रेस 2:00 घंटे, अजीमाबाद एक्सप्रेस 1:40 घंटे और सिकंदराबाद-दानापुर एक्सप्रेस 2:00 घंटे की देरी से पहुंची.
यात्री हो रहे परेशान
ट्रेनों के विलंब परिचालन से बड़ी संख्या में रेलयात्री परेशान होने लगे हैं. ट्रेनों के लेट होने से अमूमन यात्रियों के खान-पान की परेशानी बढ़ जाती है. वहीं, समय की बर्बादी भी होती है. रेल अधिकारी बताते हैं कि कुहासा छाने पर ट्रेनों की स्पीड 75 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी जाती है, ताकि सुरक्षित ट्रेन परिचालन सुनिश्चित किया जा सके. इससे कुछ रेलखंडों पर कुहासा की वजह से ट्रेनें देर होने लगी हैं.
