पटना सिटी : पटना साहिब में मांगों को लेकर सात नवंबर से चल रहा सेवादारों का धरना सोमवार को भी जारी रहा. इधर प्रबंधक कमेटी के पदधारकों ने 14 और कर्मियों की हाजिरी पर रोक लगा दी है. इसके साथ ही तख्त साहिब में सेवादारों व पदधारकों के बीच विवाद और गहरा गया है. हाजिरी पर रोक लगाये गये कर्मियों का कहना है कि गुरु पर्व से पहले समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वह भी संघर्ष करेंगे.
सेवादार समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष ने बताया कि सेवादार 19 सूत्री मांगों में प्रमुख मांग निलंबित सेवादारों को बहाल करने, अनुकंपा पर नियुक्ति व महंगाई भत्ता देने समेत अन्य मांग शामिल है. जिसको मानने के लिए प्रबंधक कमेटी तैयार नहीं है. ऐसे में मंगलवार से तख्त साहिब के मुख्य द्वार पर अब सेवादारों की ओर से धरना के साथ आमरण अनशन भी आरंभ किया जायेगा. इसकी सूचना प्रबंधक कमेटी के पदधारकों के साथ-साथ जिलाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी पटना सिटी व चौक थानाध्यक्ष को लिखित दिया गया है. प्रबंधक कमेटी के महासचिव महेंद्र पाल सिंह ढिल्लन ने बताया कि सेवादारों के मामले में प्रबंधक कमेटी की 17 दिसंबर को प्रस्तावित बैठक में फैसला लिया जायेगा. महासचिव के अनुसार सेवादारों की समस्याओं के समाधान के लिए गठित सदस्यों की पांच सदस्यीय कमेटी की ओर से 16 दिसंबर तक रिपोर्ट देने को कहा गया है. सदस्यों की ओर से दी गयी रिपोर्ट के आलोक में 17 को होने वाले गुरु पर्व की तैयारियों से जुड़ी प्रबंधक कमेटी की बैठक में फैसला लिया जायेगा.
