बिहार और ब्राजील के बीच होगी कृषि क्षेत्र में तकनीकी साझेदारी

पशुपालन के क्षेत्र में भी दोनों देश मिलकर करेंगे काम मुख्यमंत्री ने ब्राजील के प्रतिनिधिमंडल को बिहार आने का दिया आमंत्रण पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके सरकारी आवास पर भारत में ब्राजील के राजदूत एए कोरिया डो लागो ने रविवार को शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान बिहार और ब्राजील के बीच पशुपालन एवं […]

पशुपालन के क्षेत्र में भी दोनों देश मिलकर करेंगे काम
मुख्यमंत्री ने ब्राजील के प्रतिनिधिमंडल को बिहार आने का दिया आमंत्रण
पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके सरकारी आवास पर भारत में ब्राजील के राजदूत एए कोरिया डो लागो ने रविवार को शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान बिहार और ब्राजील के बीच पशुपालन एवं कृषि के क्षेत्र में मिलकर काम करने को लेकर गहन चर्चा हुई.
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में पशु विज्ञान महाविद्यालय की स्थापना की गयी है. ब्राजील भी पशुओं के उत्पादकता के उन्नत तकनीक के लिए विश्व भर में प्रसिद्ध है. मुख्यमंत्री ने ब्राजील के शोध संस्थान तथा बिहार के पशु विज्ञान महाविद्यालय के बीच ज्ञान के परस्पर आदान-प्रदान करने पर बल दिया. साथ ही ब्राजील के प्रतिनिधिमंडल को बिहार आने का आमंत्रण भी दिया. मुलाकात के दौरान गन्ना की खेती में उत्पादकता बढ़ाने के साथ-साथ बॉयो फ्यूल से संबंधित नयी तकनीकों पर चर्चा की गयी. मुलाकात के क्रम में मुख्यमंत्री ने ब्राजील के राजदूत को बिहार की सांस्कृतिक एवं पौराणिक धरोहरों के बारे में बताया. राजदूत को बिहार म्यूजियम, पटना म्यूजियम, वैशाली के बुद्ध संग्रहालय व बोधगया स्थित महाबोधि सांस्कृतिक केंद्र के बारे में बताया. सीएम ने राजदूत को अंगवस्त्र एवं करूणा स्तूप का प्रतीकचिह्न भेंट किया. इस अवसर पर सीएम के प्रधान सचिव चंचल कुमार और सचिव मनीष कुमार वर्मा भी मौजूद थे.
भारत में ब्राजील के राजदूत ने सीएम नीतीश से की मुलाकात
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ वर्ष पहले ही राज्य सरकार ने गन्ना से एथनॉल बनाने के संबंध में कानूनी प्रावधान करने के लिए केंद्र सरकार से अनुरोध किया था, लेकिन उस पर सहमति नहीं बनी थी. मुख्यमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन को देखते हुए अब वक्त आ गया है कि सभी को इस दिशा में आगे बढ़ना चाहिए. इस दौरान जल-जीवन-हरियाली अभियान पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गयी. साथ ही जलवायु परिवर्तन के अनुकूल फसल चक्र अपनाने पर भी चर्चा की गयी.
ब्राजील के राजदूत ने कहा कि कृषि और पशु विज्ञान के क्षेत्र में भारत और ब्राजील के बीच पारंपरिक तकनीकी साझेदारी की संभावना है. आने वाले समय में इन विषयों पर आपसी समझौते होने की संभावना है. साथ ही बिहार और ब्राजील के बीच कृषि, बॉयो फ्यूल और पशु विज्ञान के क्षेत्र में सहयोग की काफी संभावनाएं हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >