पटना : पत्रकार नगर थाना क्षेत्र के 90 फुट रोड में बुधवार की सुबह आठ बजे डॉक्टर अविनाश कुमार के चालक प्रवीण कुमार (36) को अपराधियों ने बीच सड़क पर गोलियों से भून दिया. घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी हवा में फायरिंग करते हुए वहां से फरार हो गये. खून से लथपथ प्रवीण कुमार को स्थानीय लोगों ने बगल के एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया. लेकिन, घटनास्थल पर ही प्रवीण कुमार की मौत हो चुकी थी.
चालक को बीच सड़क पर गोलियों से भूना, मौत
पटना : पत्रकार नगर थाना क्षेत्र के 90 फुट रोड में बुधवार की सुबह आठ बजे डॉक्टर अविनाश कुमार के चालक प्रवीण कुमार (36) को अपराधियों ने बीच सड़क पर गोलियों से भून दिया. घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी हवा में फायरिंग करते हुए वहां से फरार हो गये. खून से लथपथ प्रवीण […]

मामले की जानकारी मिलने पर पत्रकार नगर और कंकड़बाग थाने की पुलिस पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने मौके से खोखा व मोबाइल फोन बरामद किया. लेकिन, पॉकेट से ऐसा कोई कागजात नहीं मिला, जिससे शव की तुरंत पहचान हो पाये. पुलिस ने प्रवीण कुमार के साले रोहित कुमार का फोन किया, तब जाकर मृतक की पहचान हुई.
प्रवीण कुमार मूल रूप से नालंदा के बेन थाने के पैठना गांव के रहने वाले हैं. हालांकि, वे अपने पूरे परिवार के साथ रामकृष्णा नगर इलाके में किराये के मकान में रह रहे थे. प्रवीण कुमार के पिता कपिल प्रसाद गांव में रहते हैं. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद देर शाम परिजनों के हवाले कर दिया गया.
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे के वीडियो फुटेज को खंगाला. इसमें अपराधियों की धुंधली तस्वीर सामने आयी है. इधर, एसएसपी ने सिटी एसपी पूर्वी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर दिया है. टीम में पत्रकार नगर थानाध्यक्ष को भी शामिल किया गया है.
बिल्डर की पत्नी ने फोन कर बुलाया था
बताया जाता है कि बुधवार की सुबह छह बजे प्रवीण कुमार को फोन कर एक बिल्डर की पत्नी ने अपनी मां को राजेंद्र नगर स्टेशन छोड़ने को बुलाया था. इस पर प्रवीण कुमार अपने पड़ोसी की स्कूटी लेकर उनके आवास पर पहुंचे थे. राजेंद्र नगर स्टेशन पर बिल्डर की पत्नी की मां को छोड़ने के बाद वह वापस अपने घर लौट रहे थे.
इसी बीच 90 फुट रोड में श्याम हॉस्पिटल के समीप दो युवकों ने हाथ देकर प्रवीण को रुकने का इशारा किया. इस पर प्रवीण ने अपनी स्कूटी को रोक दी. उन लोगों के बीच आपस में कुछ बातें हुई और फिर एक युवक ने पिस्टल निकाल कर सीने में गोली मार दी. इसके बाद अपराधियों ने कनपटी में दूसरी गोली मार दी. इस पर भी मन नहीं भरा और अपराधियों ने तीन-चार गोलियां प्रवीण के शरीर में दाग दी.
परिजनों का रो-रो कर था बुरा हाल
घटना की जानकारी मिलने पर पत्नी मोनी देवी व अन्य परिजन पीएमसीएच पहुंचे. वहां प्रवीण कुमार के शव को देखने के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था. प्रवीण कुमार काफी दिनों से पटना में ही रहकर चालक का काम करते थे. प्रवीण अपने पीछे पत्नी व एक पांच साल के बेटे को छोड़ गये हैं.
एसएसपी गरिमा मलिक ने बताया कि चालक की हत्या मामले में महिला से संबंधित मामला सामने आ रहा है. जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जायेगा. छानबीन जारी है.