पटना सिटी : बाइपास थाना क्षेत्र के बेगमपुर पारपोखरा मुहल्ला में किराये पर रहने वाले 27 वर्षीय एंबुलेंस चालक सोनू की हत्या मामले में पुलिस तीन संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. इसी बीच बेटे के हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग के साथ सोमवार को मां सुमित्र देवी व दोनों बहन भी थाना पहुंची और थानाध्यक्ष सुधीर कुमार से मिल कर हत्यारों को गिरफ्तार कर सजा दिलाने की मांग की. थानाध्यक्ष ने आश्वस्त किया कि दोषियों को सजा दिलायी जायेगी. इस मामले में तीन संदिग्ध से पूछताछ की जा रही है.
घटना पेड़ से ताड़ी उतारने से रोकने के विवाद में घटी है. मां ने बताया कि पति राजेश्वर साव की मौत बीमारी की वजह से हो गयी. पति ने 75 हजार रुपये में छह धूर जमीन पारपोखरा बेगमपुर के पास खरीदा था.
उसी जमीन पर ताड़ का एक पेड़ है, इसी में ताड़ी उतारने को लेकर विवाद हुआ था. इसकी जानकारी सोनू को हुई तो उसने आपत्ति की थी, मां सुमित्र देवी ने बताया कि उसके तीन पुत्र व दो पुत्री है, इसमें बड़े पुत्र सुनील की मृत्यु कैंसर की बीमारी के कारण, मझंला पुत्र मोनू की मृत्यु ट्रेन से कट कर हो गयी. अब एक मात्र सोनू बचा था, उसे भी चाकू से गोदकर मार डाला. दो बेटी में सपना व नेहा है, जो शादीशुदा है, भाई की हत्या के बाद यह लोग ससुराल से आयी थी.
