फुलवारीशरीफ : बेखौफ चोरों ने भोजपुर के एसपी के सहायक ब्रजेश कुमार के घर में 35 लाख के सोने-चांदी के गहने समेत नकद तीस हजार रुपये की भीषण चोरी की वारदात को अंजाम देकर पुलिस गश्ती की पोल खोद दी. भागते हुए चोरों ने एक सूटकेस को घर के निकट फेंक दिया. चोरी की वारदात की जानकारी गृहस्वामी को सुबह हुई तो सूचना पुलिस को दी गयी. आला पुलिस अधिकारी के सहायक कर्मी के घर चोरी की घटना सुनकर पुलिस के होश उड़ गये. मौके पर पहुंची पुलिस टीम चोरों का पता लगाने में जुटी है. यह घटना रविवार की देर रात गोपालपुर थाना के इलाहीबाग के पानी टंकी के पास की बतायी जा रही है.
इस संबंध में भोजपुर एसपी के सहायक ब्रजेश कुमार ने आशंका जतायी की चारों ने सीढ़ी लगाकर घर में घुसे है. क्योंकि जमीन से छज्जा करीब बीस बाइस फिट ऊंचा है. चोरों ने रूम के दरवाजे तक पहुंचे और हाथ लगाकर खिड़की की कुंडली खोल कर रूम में घुसे. इसके बाद चोरों का दल रूम में रखे सारे सूटकेस को बारी-बारी से खंगाला. सूटकेस को तोड़ कर दादी, मां, पत्नी, शादीशुदा बहन और एक कुंवारी बहन की शादी के लिए बनवाकर रखे गये करीब 35 लाख के सोने और चांदी के जेवरात समेत 30 हजार रुपये लेकर चंपत हो गये. एक सूटकेस घर के निकट खेत मेफेंक दिया.
ब्रजेश कुमार ने बताया कि जब सुबह छह बजे उठे तो देखा कि रूम में बिखरा हुआ समान है. जेवर के डब्बे पलंग पर बिखरे हुए थे. फेंके हुए सूटकेस में कीमती कपड़े थे. जिस रूम से चोरी हुई है उस रूम में बहन सोती है और घटना वाली रात वह पैतृक गांव नालंदा के चंडी गयी हुई थी. गोपालपुर थानेदार अालोक कुमार ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है.
इधर, बाकरगंज इलाके के एक मकान के तीन फ्लैटों में लाखों की चोरी
पटना. गांधी मैदान थाने के बाकरगंज स्थित जीतू साह लेन में रवि कृष्ण प्रसाद के मकान के तीन किरायेदारों के फ्लैट से चोरों ने लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया. चोरों ने किरायेदार धनंजय कुमार (बाढ़, सरसामा), श्वेता कुमारी (सलेमपुर, उजियारपुर) व पंकज कुमार (ताजनीपुर, बिन, नालंदा) के फ्लैट का ताला काट कर घटना को अंजाम दिया. ये सभी जब चार नवंबर को अपने फ्लैट पर पहुंचे तो चोरी की घटना की जानकारी मिली. इसके बाद गांधी मैदान थाने में चोरी होने की जानकारी दी है. बताया जाता है कि चोरों ने धनंजय कुमार के फ्लैट से एक लैपटॉप, दो घड़ी, दो मोबाइल फोन, श्वेता कुमारी के फ्लैट से एक लैपटॉप, एक मोबाइल फोन व पंकज कुमार के फ्लैट से दो सोने की चेन, एक अंगूठी, एक मंगलसूत्र, चांदी का सिक्का, कटोरी आदि चुरा लिया. इधर, पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच में लगी है. विदित हो कि चोरों ने पूरे पटना में छठ पूजा के दौरान बंद घरों को निशाना बनाया और लाखों के सामानों की चोरी करने में सफल रहे. एक अनुमान के तहत जितनी भी चोरी की घटनाएं हुई हैं, उसमें चोरों ने करीब डेढ़ करोड़ के जेवर और कीमती सामान को चुराया.
