पटना : पटना विश्वविद्यालय और रेड क्रांस सोसाइटी साथ मिलकर स्वास्थ्य जागरुकता के लिए काम करेगी. इसके तहत सोसाइटी के द्वारा स्वास्थ्य शिविर लगायेगी और उसमें ब्लड ग्रुप की जांच की जायेगी. उक्त ब्लड ग्रुप की एक डायरेक्टरी भी बनायी जायेगी, जिसमें छात्र के नाम, पते और फोन नंबर के साथ उनका ब्लड ग्रुप अंकित होगा. उक्त डायरेक्टरी का उद्देश्य यही है कि जो स्वेच्छा से ब्लड डोनेट करना चाहते हैं, उनका नाम उसपर दर्ज होगा. उसके माध्यम से जिन्हें ब्लड की जरूरत होगी वे संपर्क कर ब्लड प्राप्त कर सकते हैं.
एनिमिया के लिए महिला कॉलेजों में चलेगा जागरूकता कैंप : महिलाओं में एनिमिया की समस्या को देखते हुए जागरूकता कैंप लगाने का निर्णय लिया गया है. इसके तहत एनेमिया में खून की कमी को कैसे दूर किया जाये. खान-पान क्या हो इसके लिए उन्हें जानकारी दी जायेगी.
जरूरत पड़ने पर इलाज भी मुफ्त में किया जायेगा. इसके अतिरिक्त रेड क्रास यूछ क्लब के माध्यम से युवाओं में जिसमें लड़के-लड़कियां दोनों शामिल होंगी उन्हें जरूरी टीका भी नि:शुल्क दिये जाने की योजना है.
गांवों में लगायेंगे स्वास्थ्य शिविर : पटना विश्वविद्यालय ने जिन गांवों को गोद लिया है, उसमें रेड क्रास के माध्यम से विवि मेडिकल कैंप लगायेगी और नि:शुल्क इलाज व दवाइयां देगी. उन्नत भारत योजना के अंतर्गत दोनों ही संस्थानों ने इसमें अपनी भूमिका संयुक्त रूप से तय की है.
विद्यार्थियों को होगा फायदा
पीयू ने रेड क्रॉस के साथ कई चीजों को एक साथ करने के लिए करार किया है. जल्द ही कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे, जिसमें छात्र व छात्राओं दोनों को फायदा होगा. जो छात्र सहयोग करना चाहेंगे उन्हें इसमें जोड़ा जायेगा.
प्रो एनके झा, स्टूडेंट्स वेलफेयर डीन, पीयू
