खुसरूपुर : रेल पुलिस ने गुरुवार की अहले सुबह अप कैपिटल एक्सप्रेस से एक युवक को ट्रेन में संदिग्ध अवस्था में घूमते गिरफ्तार किया है. खुसरूपुर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार की अहले सुबह अप कैपिटल एक्सप्रेस के रुकने के दौरान रेल पुलिस ने जांच के क्रम में दो युवकों को संदिग्ध अवस्था में स्लीपर बोगी में घूमते देखा. शक के आधार पर पूछताछ करने लगे, तो दोनों युवक पुलिस को आता देख ट्रेन से कूदकर भागने लगे. दौड़कर एक युवक को पुलिस ने पकड़ लिया.
पकड़े गये युवक को छुड़ाने के लिए दूसरे युवक ने पुलिस पर हमला कर दिया और पुलिस का ही डंडा छीनकर एक सिपाही को पिटाई कर दी. इसमें रेल सिपाही फंटूस कुमार घायल हो गये. शोर-शराबा सुनकर दूसरे सिपाही विनय कुमार तुरंत पहुंचे और खदेड़कर भाग रहे दो आरोपितों में से एक को पकड़ लिया. रेल पुलिस के एएसआइ वीरेंद्र प्रसाद ने बताया कि पकड़े गये युवक की पहचान नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र के महानंदपुर निवासी विनोद कुमार के रूप में हुई है.वहीं फरार युवक खुसरूपुर के नुरूद्दीनपुर निवासी विजय सिंह का पुत्र गुज्जर कुमार (20) वर्ष बताया जाता है.
