तारनपुर में सुरक्षा बांध के फाटक के पास गड्ढा खोदने से प्रशासनिक महकमे में मची खलबली, रैफ की सुरक्षा में बांध
फुलवारीशरीफ : फुलवारीशरीफ के परसा से लेकर बेलदारीचक तक सैंकड़ों गांवों में पुनपुन नदी के बाढ़ के पानी ने प्रलय मचा दिया है. पुनपुन के विकराल रौद्र रूप देख सभी अचंभित हैं. कई वर्षों बाद पुनपुन नदी में ऐसी बाढ़ की विभीषिका ने ग्रामीण जनजीवन को अस्त -व्यस्त कर रख दिया है . गौरीचक से बेलदारीचक तक दर्जनों गांवों का सड़क संपर्क पूरी तरह भंग है.
लोग अपने अपने घरों के ऊपरी हिस्से में कैद हैं.मोहनपुर ,उस्फा व लखनपार सहित आसपास के कई गांवों के ग्रामीण कमर तक पानी में डूबकर जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने कोआपदा से निबटने के लिए जिलाधिकारी कुमार रवि खुद तमाम प्रशासनिक अमले के साथ मोर्चा संभाले हुए हैं. तारणपुर के पास ग्रामीणों द्वारा सुरक्षा बांध के फाटक के पास गड्ढा खोदने की खबर से प्रशासनिक महकमे में खलबली मच गयी . इससे पहले की कोई अनहोनी होती सदर एसडीएम , मसौढ़ी डीएसपी रैपिड एक्शन फ़ोर्स के जवानों के साथ गौरीचक परसा बाजार थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंची. प्रशासनिक अमला को देख बांध के पास गड्ढा खोदने में लगे ग्रामीण फरार हो गये.
ग्रामीणों की मंशा गड्ढा खोदकर सुरक्षा बांध के फाटक को खोलकर पुनपुन नदी के पानी को सुरक्षा बांध के पार करवाने की थी ताकि उनका गांव से पानी का दबाव कम हो जाये. जिस तेजी से पुनपुन का बाढ़ का पानी बढ़ रहा है उसके बाद फाटक खोलने के बावजूद ग्रामीणों की मंशा पूरी नहीं हो पाती अलबत्ता सुरक्षा बांध के पार होकर बाढ़ का पानी राजधानी के कई इलाके में जल प्रलय ला सकता था.
तारणपुर के पास गौरीचक थाना की एक जिप्सी को चौबीस घंटे मुस्तैद रखा गया है. वहीं, परसा के सकरैचा के बकपुर और धनकी गांव में पुनपुन के लगातार बढ़ते पानी से दोनों गांव पूरी तरह घिर गया है. एनडीआरएफ के चार बोट ग्रामीणों की सहायता में हैं. देर शाम पुनपुन पुल के पास ग्रामीणों ने जल निकासी की मांग को लेकर सडक जाम कर दी.
फतुहा में बाढ़पीड़ितों का प्रखंड कार्यालय पर हंगामा तोड़फोड़
फतुहा : प्रखंड और अंचल कार्यालय पर शुक्रवार को फतुहा प्रखंड के हजारों की संख्या में पहुंचे बाढ़पीड़ितों ने भाकपा माले के प्रखंड सचिव शैलेंद्र यादव के नेतृत्व में बाढ़ राहत नहीं मिलने को लेकर जमकर हंगामा किया.
बीडीओ ,सीओ के कार्यालय में नहीं रहने पर पीड़ित भड़क गये और कई खिड़कियों के शीशे तोड़ डाले और सरकार के लगे पोस्टर को फाड़ दिया. इसके बाद फतुहा के महारानी चौक पर टायर जला कर जाम कर दिया.करीब एक घंटा बाद सीओ शैलेश कुमार सिंह और थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने लोगों को समझा बुझाकर जाम हटवाया.
राहत शिविर में लोग भड़के: फुलवारीशरीफ. बेलदारीचक बाजार के एक बंद पड़े पेट्रोल पंप में बनाए गये राहत शिविर में भोजन में चावल दाल और सब्जी देख बाढ़पीड़ित परिवार के लोग भड़क गये . लोगों ने प्रशासन के राहत के रूप में केवल भोजन उपलब्ध कराने को नाकाफी बताया. लखना पूर्वी पंचायत की मुखिया प्रमिला देवी और उनके पति राजद नेता द्वारिका पासवान ने सडक जाम करने की चेतावनी दे डाली.
बाढ़ का जायजा लेने के दौरान रामकृपाल की तबीयत बिगड़ी
पुनपुन : सांसद रामकृपाल यादव का शुक्रवार की दोपहर उस वक्त ततीयत अचानक खराब हो गयी जब वे एनडीआरएफ की बोट से पुनपुन प्रखंड के श्रीपालपुर गांव का दौरा कर रहे थे .अचानक उन्हें चक्कर आने व पसीना गिरने से उनके साथ चल रहे कार्यकर्ता भी नर्वस हो गये.
इसकी सूचना कार्यकर्ताओं ने एसडीओ व स्थानीय प्रशासन को दी . पुनपुन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डाॅ अमीरचंद प्रसाद पुनपुन स्थित श्रीपालपुर आनन फानन पहुंच उनका इलाज किया . डाॅअमीरचंद प्रसाद ने बताया कि एसडीओ संजय कुमार ने सासंद की तबीयत खराब होने की सूचना दी गयी थी .उन्होंने बताया कि सासंद का बीपी व शुगर दोनो लो हो गया था.बाद में जांच की गयी और उन्हें नमक पानी का घोल व ग्लूकोज पिलाया गया.
जिससे उनका बीपी व शुगर कुछ देर के बाद सामान्य हो पाया .उन्हे फिलहाल आराम करने की सलाह दी गयी है .बाद मे सासंद पटना के लिए रवाना हो गये .
विभिन्न जगहों पर डूबने से पांच लोगों की मौत
जमा पानी में डूबने से वृद्ध महिला की गयी जान
बहादुरपुर थाना क्षेत्र की नंदनगर कॉलोनी में रहने वाली 65 वर्षीया महिला की डूबने से मौत हो गयी. शुक्रवार की सुबह पुलिस ने गोताखोर की मदद से महिला की लाश निकाली और पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेजा.
थानाध्यक्ष राहुल कुमार ठाकुर ने बताया कि बीते गुरुवार की देर रात नंद नगर कॉलोनी में रहने वाले स्वर्गीय मुरारी शर्मा की पत्नी अंजू देवी घर से निकल गयी थीं. बाहर में जमा पानी में वह डूब गयीं. परिजनों व स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गोतखोर की मदद से महिला की लाश को निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा. परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह मानसिक तौर पर विक्षिप्त थी.
तालाब में डूबने से युवक की मौत
गौरीचक के खैरा गांव चालीस वर्षीय मंगल मांझी की मौत बाढ़ के पानी से लबालब भरे तालाब में डूबकर हो गयी. मंगल मांझी का पैर बाढ़ के पानी में फिसला और वह गहरे तालाब में डूब गया . मौके पर पहुंची गौरीचक थाना पुलिस ने युवक की लाश निकालने के लिए गोताखोरों को लगाया . देर शाम मंगल मांझी की लाश तालाब से निकालने में गोताखोर कामयाब हुए . गौरीचक थानेदार ने बताया कि पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
दो सगी बहनें डूबीं, एक की गयी जान
मसाढ़ी पंचायत के बिंदौली गांव में बाढ़ के पानी में दो सगी बहनें डूब गयीं.इनमें एक की मौत हो गयी. दूसरे को सकुशल बचा लिया गया.
कररूआ नदी का पानी पूरे गांव में फैला हुआ है. खेलने के क्रम में बिंदौली निवासी रूदल मोची की पुत्री नीलम कुमारी (6) और मितु कुमारी (5) पैर फिसलने से गिर गयीं. मितु कुमारी को बचा लिया ,लेकिन नीलम की डूबने से मौत हो गयी. नीलम का शव बरामद हो गया है.मुखिया राजीव कुमार ने सीओ को आपदा के तहत मिलने सहायता राशि देने की मांग की है.
आहर में डूबने से युवक की मौत
गुलालचक व बाड़ीचक गांव के पास सड़क किनारे आहर में डूबने से शुक्रवार को युवक की मौत हो गयी. सेल्हौरि गांव निवासी सुरेश दास के 16 वर्षीय पुत्र गोलू कुमार घर से दोस्तों के साथ स्नान करने निकला था. वह गुलालचक व बाड़ीचक गांव के पास सड़क किनारे आहर में स्नान करने के लिए उतरा ही था कि गहरे पानी मे चला गया.
पुनपुन नदी में किशोर डूबा
पुनपुन नदी में पिपलावां छिलका में शुक्रवार को नहाने के दौरान मोहम्मद अब्बास अंसारी का पुत्र इमरान (14 वर्ष) की डूब गया. वह दसवीं क्लास का छात्र था. जानकारी के मुताबिक आदमपुर पिपलवां निवासी मो इमरान अपने दोस्त शाहिद साथ नहा रहा था . तभी दोनों डूबने लगे.
दोनों को डूबते देख वहां मौजूद लोगों ने बचाने का प्रयास किया. शाहिद को बचा लिया गया, पर इमरान का पता नहीं चला. उसकी खोज एसडीआरएफ की टीम ने की, पर कुछ पता नहीं चला.
जानकारी के अनुसार गहराई के कारण दोनों डूबने लगे. इस दौरान वहां पास में मौजूद एक व्यक्ति ने दोनों को डूबते देखा, तो किसी तरह हिम्मत करके मो शाहिद को तो बचा लिया, लेकिन इमरान को नहीं बचा पाया. पानी का बहाव काफी तेज था.
