विधायक अनंत सिंह की सुरक्षा में दिखे सस्पेंड एएसआइ
का मामला
पटना : विधायक अनंत सिंह की सुरक्षा में तैनात एक केस के आरोपित व सस्पेंड एएसआइ विक्रमादित्य झा की वायरल फोटो सामने आने के बाद पुलिस महकमे की लापरवाही सामने आयी थी.
इस मामले को एसएसपी गरिमा मलिक ने गंभीरता से लेते हुए लाइन डीएसपी से पूरी जांच रिपोर्ट मांगी थी. रिपोर्ट आने के बाद एसएसपी ने अपने कार्यालय के क्राइम रीडर जमाल अहमद व पटना पुलिस लाइन के आरएसआइ वन संजीव कुमार को शुक्रवार को सस्पेंड कर दिया है. इन दोनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी चलायी जायेगी. जांच में यह बात सामने आयी है कि सात जुलाई को एसएसपी ने विक्रमादित्य झा को सस्पेंड कर दिया था.
लेकिन इस बात की जानकारी न तो एसएसपी के क्राइम सेक्शन से और न ही पुलिस लाइन के माध्यम से एएसआइ को दी गयी. मामले में अन्य पुलिस अधिकारियों को जानकारी नहीं दी गयी. एसएसपी गरिमा मलिक ने बताया कि क्राइम रीडर व आरएसआइ वन की लापरवाही सामने आने पर सस्पेंड किया गया है.
सस्पेंड होने के बाद भी ड्यूटी कर रहे थे विक्रमादित्य झा : एएसआइ विक्रमादित्य झा सस्पेंड होने के बाद भी ड्यूटी कर रहे थे. इस बात की जानकारी किसी को नहीं होती, लेकिन बाढ़ कोर्ट में विधायक अनंत सिंह को पेश करने के दौरान उनकी ड्यूटी भी लगा दी गयी और सबके नजर में आ गया. इसके बाद मामले का खुलासा हो गया.
ऑडियो वायरल मामले में अनंत सिंह की आज पेशी
बाढ़. पंडारक के ऑडियो वायरल मामले में बेऊर जेल में बंद मोकामा विधायक अनंत सिंह की पेशी शनिवार को बाढ़ कोर्ट में होगी. वहीं एके47 मामले में भी विधायक को कोर्ट में पेश किया जायेगा. दोनों मुकदमे में पुलिस तेजी से अनुसंधान कर चार्जशीट दाखिल करने के प्रयास में है. अनंत सिंह की तरफ से कोर्ट में आपत्ति अर्जी भी दाखिल की गयी है जिसमें पुलिस के अनुसंधान पर सवालिया निशान लगाया गया है.
भोला सिंह के कई ठिकानों पर छापेमारी
बाढ़. पंडारक के चर्चित भोला सिंह को पकड़ने के लिए पुलिस ने लखीसराय पुलिस के साथ बड़ा अभियान चलाया लेकिन पुलिस को सफलता नहीं मिली. बताया जाता है कि लखीसराय क्षेत्र में हुए एक हत्याकांड में भोला सिंह की तलाश की जा रही है.
