आज न्यायालय के समक्ष खोला जायेगा लिफाफा
पटना : मोकामा विधायक अनंत सिंह के लिये गये वॉयस की जांच रिपोर्ट को एफएसएल ने पटना पुलिस को लाल रंग के सीलबंद लिफाफे में सौंप दिया है.
उक्त लिफाफे को गुरुवार पुलिस टीम द्वारा न्यायालय के समक्ष पेश किया जायेगा और वायरल ऑडियो का खुलासा हो जायेगा. उस जांच रिपोर्ट में क्या है, यह बात एफएसएल के ही मात्र एक-दो अधिकारियों को जानकारी है. किसी अन्य को इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है. ग्रामीण एसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने कहा कि वॉयस की जांच रिपोर्ट मिल गयी है.
कल न्यायालय में पेश किया जायेगा. विदित हो कि पंडारक थाने में भोला सिंह व उसके भाई मुकेश सिंह की हत्या के प्रयास से संबंधित मामला दर्ज किया गया था. इस मामले का उस समय खुलासा हुआ था, जब भोला सिंह व मुकेश सिंह की हत्या की नीयत से पंडारक पहुंचे तीन शूटरों को लोगों ने पकड़ लिया था और पुलिस के हवाले कर दिया था. इसी बीच एक ऑडियो वायरल हुआ था.
जिसमें इस बात की चर्चा थी कि उक्त ऑडियो में मोकामा विधायक व जहानाबाद के विकास सिंह आपस में बात कर रहे थे. वॉयस अनंत सिंह की है या नहीं, इस बात की पुष्टि के लिए वॉयस सैंपल एफएसएल द्वारा एक अगस्त को लिया गया था.
इसके बाद उक्त मामले की ही जांच के दौरान मोकामा विधायक अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां स्थित आवास पर पुलिस ने छापेमारी की थी और एके 47 हथियार व हैंड ग्रेनेड बरामद किया था. फिलहाल इस मामले में मोकामा विधायक अनंत सिंह के साथ ही उनके करीबी लल्लू मुखिया जेल में हैं. पुलिस दोनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर चुकी है. इस मामले में फिलहाल विकास सिंह फरार है.
पटना की अदालत में हो सकती है अब सुनवाई
पटना : अनंत सिंह की परेशानी बढ़ सकती है. एके 47 जैसे हथियार बरामदगी मामले में चल रहे मुकदमे की सुनवाई अब पटना की अदालत में हो सकती है. बाढ़ पुलिस ने इस संबंध में कोर्ट में आवेदन दिया है.
दूसरी ओर करीब 14 साल पहले हुई पूर्व मंत्री राजो सिंह हत्याकांड में भी उनकी कुंडली खंगाली जा रही है. हथियार बरामदगी मामले में दायर मुकदमे को स्पीडी ट्रायल कराने की तैयारी है.
प्रतिबंधित हथियार की बरामदगी को लेकर विशेष न्यायालय में सुनवाई किये जाने का प्रावधान है. बाढ़ कोर्ट के अनुमंडल अभियोजन पदाधिकारी ने अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के कोर्ट में अनंत सिंह के यूएपीए मामले के केस को विशेष न्यायालय पटना में स्थानांतरित करने को लेकर अर्जी कुछ दिन पूर्व ही दी है. पदाधिकारी द्वारा कहा गया है कि इस विशेष अधिनियम के मुकदमे की सुनवाई बाढ़ न्यायालय के बदले पटना स्थित विशेष न्यायालय में की जानी चाहिए.
राजो सिंह मामले में तैयारी
बाढ़ पुलिस कांग्रेसी नेता राजो सिंह की हत्या के मामले में वायरल ऑडियो को लेकर भी जांच में जुटी हुई है. संभावना है कि इस ऑडियो क्लिप को भी फॉरेंसिक जांच लेबोरेटरी में भेजा जायेगा, ताकि आवाज का मिलान किया जा सके. अनंत सिंह और उनके प्रतिद्वंद्वी विवेका पहलवान के खेमे द्वारा एक-दूसरे पर लगातार ऑडियो और वीडियो वायरल करने की होड़ मची हुई है.
पूर्व के वायरल वीडियो पर भी पुलिस की नजर : एके-47 लहराने एवं अन्य कनेक्शन को लेकर भी पुलिस छानबीन में जुटी हुई है. पुलिस ने फिलहाल हथियार के वायरल वीडियो को जांच के लिए भी नहीं भेजा है. इसके लिए बड़े अधिकारियों से मशवरा किया जा रहा है.
