तीन लाख लौटाने के नाम पर ले गये साथ में
पिता ने प्रोपर्टी डीलर के पांच दोस्तों को बनाया आरोपित, पुलिस के समक्ष दिया बयान
पटना : धनरूआ थाने के नसीरना चक गांव के प्रोपर्टी डीलर राकेश कुमार (20) को कुछ लोग तीन लाख बकाया राशि लौटाने के नाम पर साथ में ले गये और मारपीट कर अधमरा कर दिया.
जहानाबाद के कड़ौना में बेहोशी हालत में राकेश कुमार स्थानीय पुलिस को मिले और फिर इलाज के क्रम में सोमवार को पीएमसीएच में मौत हो गयी. पुलिस ने इस संबंध में उनके पिता शिबबालक प्रसाद का बयान लिया. जिसमें उन्होंने राकेश के जान-पहचान के चंदन कुमार, बंटी कुमार, संजीव कुमार, संजय यादव व सुधीर सिंह पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए नामजद आरोपित बनाया है.
दो अगस्त को लेकर गये थे साथ
पिता शिबबालक प्रसाद ने पुलिस को बताया है कि उनके बड़ा बेटा प्रोपर्टी डीलर का काम करता है. प्रोपर्टी के धंधे को लेकर गांव के ही चंदन कुमार को पांच माह पहले तीन लाख रुपया उधार दिया था. चंदन पैसा नहीं लौटाता था और जान से मारने की धमकी देता था.इसे लेकर हाल में ही बेटे से चंदन की बहसा-बहसी हुई थी. दो अगस्त को रात में आठ बजे चंदन, बंटी, संजीव, सुधीर व संजय घर पर आये और पैसा लौटाने की बात कह कर साथ में ले गये. लेकिन फिर राकेश वापस घर नहीं लौटा.
इसी बीच तीन अगस्त को दिन में फोन आया कि जहानाबाद के कड़ौना में एक युवक बेहोशी हालत में है. पहचान करने के बाद इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया. लेकिन फिर इलाज के लिए एक निजी नर्सिंग होम ले गये. हालत खराब होने के बाद पीएमसीएच में इलाज के लिए लाया.
