पटना : एक कंस्ट्रक्शन कंपनी के निदेशक ने बिहार के सीनियर आइएएस पर मारपीट करने का आरोप लगाया है. आरोप है कि उसे चैंबर में बुलाकर कंपनी द्वारा बनाये गये पुल के क्षतिग्रस्त होने के बारे में पूछा गया.
निदेशक ने जब कहा कि इसका निर्माण विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ है, तो आइएएस नाराज हो गये. आरोप है कि इस दौरान उन्होंने डंडे से पिटाई की और सुरक्षाकर्मी का हथियार लेकर कनपट्टी पर सटा दिया. जान से मारने की धमकी भी दी गयी. मामले में कंस्ट्रक्शन कंपनी के निदेशक ने आइएएस सहित कई वरिष्ठ इंजीनियरों के खिलाफ सचिवालय थाने में आवेदन दिया है.
सचिवालय थानेदार का कहना है कि अावेदन मिला है, लेकिन वरीय पुलिस पदाधिकारियों से निर्देश मिलने के बाद कार्रवाई की जायेगी. कंस्ट्रक्शन कंपनी का आलमगंज थाना क्षेत्र के बिस्कोमान कॉलोनी में ऑफिस है. कपंनी ने विभाग की निविदा पर नालंदा में आहर पाइन, पुलिया का निर्माण कराया था. इस दौरान बारिश होने पर पुलिया का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया. इसी मामले में सीनियर आइएएस ने बुलाया था.
