खुसरूपुर : बख्तियारपुर-पटना फोरलेन के खुसरूपुर जगमालविघा गांव के पास गुरुवार की शाम तकरीबन चार बजे अनियंत्रित कार सड़क पर लगी ट्रक से जा टकरायी. हादसे में कार के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया. जिसमें दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गये.
घायलों में एक कार चालक जिसे पैर में गंभीर चोट लगी है तो दूसरे व्यक्ति के सिर में गंभीर चोट लगी है. बताया जा रहा है कि कार सवार बख्तियारपुर से पटना की ओर जा रहे थे तभी जगमालविघा के पास कार अनियंत्रित हो गयी और सड़क पर खड़े ट्रक से जा टकरायी. हादसे के बाद ग्रामीणों ने तुरंत टोल फ्री नंबर पर फोन कर एंबुलेंस बुलाया और दोनों लोगों को इलाज के लिए पटना भेज दिया. साथ ही इस घटना की सूचना ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस को दी. सूचना पाकर पुलिस तुरंत घटना स्थल पर पहुंची जब तक दोनों घायल व्यक्ति को ग्रामीणों ने इलाज के लिए पटना भेज चुके थे. पुलिस ने क्रेन से दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से हटाया. इस बीच कुछ देर के लिए यातायात बाधित रही. घायल व्यक्ति कौन थे और कहां से आ रहे थे यह अभी पता नहीं चल पाया है.
फुलवारी में चोरी करता नाबालिग चोर धराया : मौर्यविहार काॅलोनी में गुरुवार की शाम चोरी की नीयत से 12 वर्षीय नाबालिग चोर को लोगों ने पकड़ा और पुलिस को सौंप दिया. शातिर चोर अपना नाम नहीं बता रहा और न ही अपना निवास. नाबालिग चोर मौर्यविहार काॅलोनी के अरबिंद शर्मा के घर घुसा मगर घरवालों ने उसको पकड़ लिया.
