परसा के बेलदारीचक चिहूट में मिला था सोनू का शव
पटना : परसा थाने के बेलदारीचक चिहूट में हुए जदयू नेता नागेंद्र प्रसाद सिंह के बेटे सोनू सिंह हत्याकांड में शामिल दो अपराधियों को पुलिस ने बाढ़ के भटगांव में छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया. पकड़े गये अपराधियों में अभिषेक कुमार व राजमणि कुमार शामिल हैं.
पुलिस ने इन लोगों के पास से सोनू के कपड़े भी बरामद कर लिये हैं. इस घटना को अंजाम देने वाला मास्टरमाइंड मोकिमपुर चिहूट निवासी मधुसूदन यादव, राहुल कुमार, बातिव व चंदन कुमार फिलहाल फरार हैं. छह अपराधियों ने सोनू की हत्या की थी और साक्ष्य को छुपाने के उद्देश्य से उसे नग्न कर दिया था और जमीन में शव को गाड़ने का प्रयास किया था. इसके बाद से मधुसूदन यादव फरार हो चुका था.
हुई थी मधुसूदन की लड़ाई
पुलिस के अनुसार, इसी साल सरस्वती पूजा के दौरान सोनू के दोस्त सतीश कुमार से मधुसूदन की किसी बात को लेकर लड़ाई हुई थी.
इसमें सोनू ने सतीश कुमार का साथ दिया था. दोनों ओर से एक-दूसरे को देख लेने की धमकी दी गयी थी. सतीश कुमार दिल्ली में रहता है और वह वापस अपने घर चला गया. लेकिन, मधुसूदन को लगता था कि सोनू उसके साथ कुछ कर सकता है. इसलिए उसने पूरी प्लानिंग बनायी और 26 मई की रात उसने राहुल की मदद से सोनू को घर से बाहर बुलाया.
उसे घर से करीब आधा किलोमीटर दूरी पर लाने के बाद मधुसूदन यादव व अन्य ने उसे घेर लिया और गला दबा कर हत्या कर दी. छह की संख्या में अपराधियों के रहने के कारण सोनू की एक नहीं चली. इसके बाद अपराधियों ने उसके शव को ठिकाने लगाने के लिए शरीर से पूरे कपड़े उतार दिये और गड्ढा कर उसमें दफनाने की कोशिश की.
हालांकि, ग्रामीणों की आहट पाकर सभी फरार हो गये. पकड़ा गया राजमणी सोनू के कपड़े लेकर बाढ़ के भटगांव स्थित घर पर चला आया और रहने लगा. इसी बीच अगले दिन 27 मई को सोनू का शव बरामद कर लिया गया और परसा थाने में अज्ञात के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गयी.
