लाश बधार में फेंकी, पड़ोसी पर शक
फुलवारीशरीफ/फतुहा : गौरीचक के चकरहीमा गांव में 60 वर्षीय किसान सरोज यादव की गोली मार कर हत्या के बाद लाश को गांव से एक किलोमीटर पूरब बधार में फेंक कर अपराधी फरार हो गये. हत्या की वारदात मंगलवार की रात को होने की बात कही जा रही है.
बुधवार की सुबह बधार में लाश बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतक की शिनाख्त स्वर्गीय राज नंदन यादव के पुत्र सरोज यादव के रूप में होते ही परिजनों में चीत्कार मच गया. परिजन रोते-बिलखते दौड़े-दौड़े बधार में पहुंचे और लाश देख विलाप करने लगे. सरोज यादव की कनपट्टी में दो गोलियां मारी गयी थीं. सूचना मिलते ही गौरीचक थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
इस हत्याकांड में मृतक के परिजनों ने पड़ोसी राज बल्लभ यादव समेत पांच लोगों को नामजद बनाया है.हत्याकांड का कारण पड़ोसी से दरवाजा खोलने को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है. गांव में इस मामूली विवाद में हत्या हो जाने से माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है. मृतक का पुत्र लालन यादव ऑटो चालक है, जबकि बबन यादव पिता के साथ खेती किसानी में हाथ बंटाता था.
परिजनों और ग्रामीणों का कहना है की सरोज यादव की कभी किसी से दुश्मनी नहीं रही और बहुत ही सरल सीधे स्वभाव के व्यक्ति थे. हाल ही में पड़ोसी राज बल्लभ यादव से ही दरवाजा खोलने को लेकर लड़ाई-झगड़ा हुआ था.
मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया है कि मंगलवार को सरोज यादव आधार कार्ड बनवाने वीर बाजार गये थे, उसके बाद से वे घर नहीं लौटे. देर शाम से लेकर रात तक जब सरोज यादव घर नहीं नहीं लौटे, तो परिजन उन्हें बेचैनी से खोजने लगे, लेकिन कोई अता पता नहीं चल पाया. सुबह में लाश बरामद हुई. गौरीचक पुलिस को मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है की दरवाजा खोलने को लेकर पड़ोसी राज बल्लभ यादव से विवाद चल रहा था.
इसी विवाद को लेकर राज बल्ल्भ यादव और उसके साथ अन्य लोगों ने मिल कर हत्या की वारदात को अंजाम दिया है. गौरीचक थानेदार साकेत कुमार ने बताया की मृतक के परिजनों के आवेदन पर राज बल्ल्भ समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. पुलिस हत्यारोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
