पटना : राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी ने कहा है कि जनता ने परिवार की राजनीति को खारिज नहीं किया है. अगर ऐसा होता तो रामविलास पासवान का परिवार थोक भाव में चुनाव कैसे जीत जाता. ओिड़शा में नवीन पटनायक ने पांचवीं बार मुख्यमंत्री बन कर रिकॉर्ड बनाया है.
तमिलनाडु में स्वर्गीय करुणानिधि के पुत्र स्टालिन लोकसभा की आधी से अधिक सीट जीत गये. आंध्र प्रदेश में तो राजशेखर रेड्डी के पुत्र जगन रेड्डी की आंधी ने चंद्रबाबू नायडू को हवा में उड़ा दिया. इस चुनाव ने परिवारवाद की राजनीति को खारिज कर दिया है, यह कहना तथ्य के बिलकुल विपरीत है.
ऐसा शोर सत्ताधारी दल के लोग मचा रहे हैं. नरेंद्र मोदी यही शोर राहुल गांधी के खिलाफ मचा रहे हैं और ऐसा ही शोर बिहार में तेजस्वी के विरुद्ध मचाया जा रहा है. भविष्य में चुनौती इन्हीं से मिल सकती है इसलिए उस संभावित चुनौती को समाप्त करने के लिए सोची समझी रणनीति की तरह यह शोर मचाया जा रहा है.
