पटना : महिला थाने में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक संजीव कुमार ने युवती मालती (काल्पनिक नाम) से पहले दोस्ती और फिर बाद शादी की. लेकिन, शादी के दो माह बाद ही छोड़ कर भाग गया. युवक ने अपने मोबाइल फोन को भी स्विच ऑफ कर लिया है.
युवती के परिजन तो पहले से ही उनकी मर्जी के खिलाफ भाग कर शादी करने से नाराज थे. अब इस घटना के बाद उनलोगों ने भी युवती को सहयोग करने से इन्कार कर दिया है. आखिरकार अंत में न्याय की गुहार लगाने युवती को पुलिस की शरण में आना पड़ा.
शुक्रवार को युवती महिला थाना पहुंची और युवक संजीव कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराया, लेकिन आश्चर्य की बात यह है कि युवती को यह भी नहीं पता कि युवक का सही नाम व उसके घर का पता क्या है. इसके कारण पुलिस को भी युवक का पता लगाने में परेशानी हो रही है.
कोई गैंग तो नहीं है सक्रिय : युवक के फरार होने के बाद पुलिस अब इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि उक्त युवक किसी गैंग का सदस्य तो नहीं है, जो लड़कियों को अपने प्रेम जाल में फंसा कर शादी करता है और फिर कुछ दिन साथ रहने के बाद फरार हो जाता है.
राजगीर के एक मंदिर में भागकर की थी शादी
युवती ने बताया कि वह सोनपुर की रहने वाली है और उसी इलाके में एक युवक से उसे दोस्ती हुई थी. इसके बाद दोनों के बीच काफी दिनों तक प्रेम प्रसंग चला. इसी बीच युवक ने उससे राजगीर के एक मंदिर में शादी कर ली. लेकिन, युवक इतना चालाक था कि उसने शादी के दौरान किसी प्रकार के फोटोग्राफ नहीं खिंचवाये और मैरेज सर्टिफिकेट तक नहीं बनवाया, ताकि उसकी पहचान जाहिर करने वाला कोई सबूत न रहे. युवती उसकी चाल को नहीं समझ सकी.
युवती को शादी करने के बाद युवक उसे पटना ले आया और दो माह तक उसे किराये के कमरा में रखा. दोनों वहां पति-पत्नी की तरह रहे. इसी बीच दो दिन पहले ही युवक युवती को छोड़ फरार हो गया. युवती ने जब उसके मोबाइल नंबर पर फोन किया तो वह स्विच ऑफ मिला. इसके बाद उसे एहसास हुआ कि युवक ने उसके साथ धोखा कर दिया है. अंत में उसने महिला थाना पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी.
