मसौढ़ी : भगवानगंज थाना के बसौर गांव में शुक्रवार को 26 वर्षीया महिला ने अपने शरीर पर केरोसिन उड़ेल आग लगा ली, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गयी. घटना का कारण पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर हुआ विवाद बताया जाता है. इधर, सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया.
फिलहाल इस संबंध में किसी ने कोई लिखित शिकायत नहीं की है. मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को किसी बात को लेकर बसौर गांव के श्याम किशोर गुप्ता व उसकी पत्नी मुस्कान देवी के बीच विवाद हो गया.
दोपहर में मुस्कान देवी शौचालय में चली गयी और दरवाजे को अंदर से बंद कर लिया. इसके बाद उसने अपने शरीर पर केरोसिन उड़ेल आग लगा ली. बाद में जब परिजनों को आशंका हुई, तो उन्होंने शौचालय का दरवाजा तोड़ दिया और उसे बाहर निकाला. तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. घटना के बाद भयवश ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़ फरार हो गये हैं.
इधर , सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया. वहीं, बाद में सूचना पाकर जहानाबाद के मखदुमपुर निवासी मुस्कान देवी के मायकेवाले पहुंचे. इधर, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया. फिलहाल मृतका के मायकेवालों ने इस संबंध में थाना से कोई लिखित शिकायत नहीं की है.
इस बाबत थानाध्यक्ष जितेंद्र राम ने बताया कि मायकेवाले शव का पोस्टमार्टम कराने पीएमसीएच गये हुए थे. उन्होंने पोस्टमार्टम कराकर लौटने के बाद लिखित आवेदन देने की बात कही है. इधर, पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है. बताया जाता है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद हुआ करता था.
