भिखारी ठाकुर पुल पर हुई थी घटना
पटना : भिखारी ठाकुर पुल पर देर रात हुई लूट की घटना के बाद पुलिस ने सोमवार को पूरे दिन छानबीन किया. सचिवालय पुलिस की टीम ने आलू-प्याज के व्यवसायी मनोज कुमार को भी बुलाया था.
पहचान कराने के लिए साथ में लेकर मीठापुर में चार जगहों पर सीसीटीवी फुटेजको खंगाला. इसमें कृष्णा मेडिकल स्टोर, यारपुर पुल के पास मौजूद बिल्डिंग में बैंक के सीसीटीवी फुटेज, डॉक्टर सतीश तिवारी के क्लिनिक के पास फुटेज खंगाला गया है. इसके अलावा भार्गव आरा मशीन पर लगे सीसीटीवी को भी खंगाला गया है. लेकिन अपराधियाें की शिनाख्त नहीं हो पायी है.
पुलिस अब सचिवालय और आर ब्लॉक इलाके में भी सीसीटीवी फुटेज को खंगालने की तैयारी में है. फुटेज में जिस तरह से अपराधियों की शिनाख्त नहीं हो पायी है उससे साफ है कि अपराधी मीठापुर की तरफ से नहीं बल्कि दूसरी तरफ से पुल पर चढ़े थे और घात लगाये हुए थे. मनोज कुमार चूंकि रोज 9 से 10 बजे के बीच में घर जाते हैं, इसलिए उन्हें टारगेट किया गया. पुलिस छानबीन कर रही है. पुलिस ने कुछ लोगों से पूछताछ भी किया है.
अपराधियों ने हेलमेट भी उतारने का नहीं दिया मौका
रात में जब व्यवसायी मनोज कुमार के साथ घटना हुई तो वह बाइक से थे और हेलमेट पहने हुए थे. अपराधी पीछे से आये और गाली देते हुए रुकने को बोले. अपराधियों ने पिस्टल सटाया और कंधा पकड़ कर रोक लिया. मनोज अपना हेलमेट भी नहीं उतार पाये कि वह ठीक से अपराधियों की पहचान कर सकें. इसी बीच उनका गले से चेन और बाइक लूट कर भाग गये.
जबकि एक बाइक पर सवार दोनों अपराधियों ने हेलमेट नहीं पहना था. चेहरा ढंका हुआ नहीं था. इससे साफ है कि अपराधी बहुत दूर तक नहीं भागे होंगे. या फिर ऐसे रास्ते से भागे होंगे जहां सीसीटीवी नहीं है. फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
