बिना अनुमति निकाला रामनवमी जुलूस
प्रशासन ने नहीं दी थी रविवार को जुलूस निकालने की अनुमति
मसौढ़ी : अनुमति नहीं मिलने के बावजूद रविवार को रामनवमी जुलूस निकालने व बलपूर्वक उसे रोकने पर युवकों ने पुलिस पर रोड़ेबाजी कर दी. हालांकि, इसमें किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. बाद में पुलिस ने युवकों को खदेड़ दिया. इस दौरान पुलिस ने एक युवक को हिरासत में भी ले लिया. बीते दिनों कुछ युवकों ने रविवार को रामनवमी का जुलूस निकालने की अनुमति प्रशासन से मांगी थी, लेकिन प्रशासन ने उन्हें शनिवार को ही जुलूस निकाल लेने को कहा था.
इधर, रविवार को दर्जनों युवक जुलूस की शक्ल में मणिचक से कुंहारटोली होकर मंडप के पास पहुंचे. इसकी सूचना एसडीओ, एसडीपीओ व थाना पुलिस को मिली. वह तत्काल मंडप के पास पहुंच गये और जुलूस को आगे बढ़ने से रोक दिया. जुलूस में शामिल कुछ युवक प्रशासन को चिढ़ाने लगे.
इस पर पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज कर दिया, जिससे युवक उग्र हो पुलिस प्रशासन पर रोड़ेबाजी करने लगे. इस दौरान पुलिस ने जुलूस में शामिल धनरूआ थाना के बरनी निवासी सोनू पांडेय को हिरासत में ले लिया. समाचार लिखे जाने तक पुलिस कुछ अन्य युवकों को भी हिरासत में रखे हुए थी. थानाध्यक्ष सीताराम साह ने बताया कि हिरासत में लिये गये युवकों से पूछताछ की जा रही है. पूछताछ के बाद ही कार्रवाई की जायेगी.
कई थानों की पुलिस समेत दंगा विरोधी दस्ता बुलाया गया : घटना के बाद अनुमंडल प्रशासन ने एहतियातन अनुमंडल के सभी थानाध्यक्षों समेत पटना से महिला पुलिस बल व दंगा विरोधी दस्ते को बुला लिया और चिह्नित जगहों पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गयी. साथ ही गश्त तेज कर दी गयी. मसौढ़ी बीडीओ व सीओ थाना पर ही कैंप किये हुए थे.
वाट्सएप ग्रुप में प्रशासन की निंदा करने पर वार्ड पार्षद हिरासत में
रविवार को रामनवमी जुलूस निकालने की अनुमति न देने पर वाट्सएप ग्रुप में पुलिस प्रशासन की निंदा करने पर पुलिस ने वार्ड-18 के पार्षद सह थाना के गंगाचक मलकाना निवासी सोनू सहारा को हिरासत में ले लिया. बताया जाता है कि प्रशासन द्वारा रविवार को रामनवमी जुलूस निकालने की अनुमति नहीं दी गयी थी. आरोप है कि इसे लेकर वाट्सएप ग्रुप में पार्षद सोनू सहारा ने प्रशासन की निंदा कर दी. यह पोस्ट जैसे ही वायरल हुई पुलिस ने सोनू सहारा को थाने पर बुला लिया और फिर उसे हिरासत में ले लिया.
