जयंती पर याद किये गये बाबा साहेब डॉ भीमराव आंबेडकर, वक्ताओं ने कहा
पटना : भाजपा कार्यालय के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में अनुसूचित जाति मोर्चा की तरफ से रविवार को डॉ भीमराव आंबेडकर की 128वीं जयंती मनायी गयी. इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रेम रंजन पटेल ने कहा कि भाजपा ने बाबा साहेब से जुड़ी संस्मरणीय स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित कर राष्ट्र को समर्पित किया है.
इस कारण आज वंचित वर्ग के लोग गौरवांवित महसूस करते हैं. भाजपा के समरस समाज और अंत्योदय की जो विचारधारा है, उसे अपने कार्यों के बल पर सरकार को मजबूत करती रही है और आगे करती रहेगी. इस मौके पर पार्टी प्रवक्ता निखिल आनंद, अशोक भट्ट, राजीव रंजन, राकेश सिंह, रंजन कुमार गौतम, संजय राय, रीणा मल्लिक, मीना देवी, भोला भास्कर, धनंजय पासवान समेत अन्य मौजूद थे.
आंबेडकर के विचारों के विपरीत काम कर रही भाजपा : डॉ मदन मोहन झा
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ मदन मोहन झा ने कहा कि भाजपा बाबा साहेब आंबेडकर के विचारों के विपरीत काम कर रही है. भाजपा शासित राज्यों में दलितों की उत्पीड़न की घटनाओं में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है.
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मोहन राव भागवत ने बार-बार संविधान समीक्षा की बात कही है. प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय सदाकत आश्रम में संविधान निर्माता डाॅ आंबेडकर की 128वीं जयंती समारोह में प्रदेश अध्यक्ष बोल रहे थे. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा ही डॉ आंबेडकर का सम्मान किया है. कांग्रेस का सदस्य नहीं होने के बावजूद नेहरू मंत्रिमंडल में उन्हें देश का विधि मंत्री बनाया गया था.
मौके पर डॉ समीर कुमार सिंह, एचके वर्मा, ब्रजेशपांडेय, प्रो शशि प्रताप शाही, राजेश राठौड़, डॉ रंजीत कुमार मिश्र, आनंद माधव, धीरू यादव, सुनील कुमार सिंह, सुधा मिश्रा, शहजाद अहमद, संजीव पासवान, राहुल पासवान, शैलेंद्र चौधरी, अजीत कुमार शुक्ला, कुमार गौतम सहित अन्य नेताओं ने डाॅ आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण किया.
