ताला बंद, बत्ती गुल वाले मकान को करते थे टारगेट, गैंग के सात लोग हुए गिरफ्तार
पटना : पटना पुलिस की एसआइटी ने एक ऐसे गैंग को धर दबोचा है जिसने राजधानी में हाल के दिनों में चोरी की घटना से हड़कंप मचाया हुआ था. जनवरी से लेकर अब तक 16 अपार्टमेंट के कुल 18 फ्लैटों में इस गैंग ने हाथ साफ किया है.
मतलब कि करोड़ों का माल उड़ाया है. पत्रकारवार्ता के दौरान एसएसपी गरिमा मलिक ने बताया कि एसआइटी ने गैंग सरगना रोहित कुमार दास उर्फ उज्ज्वल कुमार उर्फ अध्ययन कुमार समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है. खास बात यह है कि रोहित के भाई आदित्य कुमार, मां उमा देवी, पिता मुकेश कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है. ज्वेलरी दुकानदार राजकुमार गुप्ता भी पकड़ा गया है जो चोरी के सामान को खपाता था. इस गैंग के सामान को खपाने में मदद करने वाले एक और व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में ले रखा है. गैंग की निशानदेही पर 4 लाख से अधिक कैश, 5.5 किलोग्राम चांदी व 217 ग्राम सोना समेत अन्य सामान भारी मात्रा में बरामद किया गया है. पुलिस अभी पूछताछ कर रही है कि यह गैंग किस तरह से रेकी करता था.
जिन मकाना में ताला बंद रहता है, रात में जिनमें लाइट नहीं जलती है, उसी मकान को यह गैंग टारगेट करता था. दिन में ताला बंद मकान की रेकी की जाती थी इसके बाद जब रात में देखा जाता था कि उस मकान में लाइट भी बंद है तो यह गैंग धावा बोलता था.
इन कांडों का हुआ खुलासा : चोरों के इस गैंग ने रूपसपुर, हवाई अड्डा, राजीवनगर, शास्त्रीनगर, पाटलिपुत्रा इलाके में चोरी की घटनाओं काे अंजाम दिया था. इसमें शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र में नगीना अपार्टमेंट, पॉवर इन्क्लेव, तक्षशिला अपार्टमेंट. राजीवनगर इलाके के संगीता अपार्टमेंट, सावित्री अपार्टमेंट, मां इन्क्लेव, कैपिटल रेसिडेंसी. हवाई अड्डा क्षेत्र के श्रीओम कॉम्पलेक्श, रुपसपुर थाना क्षेत्र के तिलकनगर में कुश अपार्टमेंट,शुभम कुटीर रंजन पथ, अम्बे अपार्टमेंट वेदनगर समेत अन्य फ्लैटों में चोरी के कांड का खुलासा किया गया है.
ये हुए गिरफ्तार
1. रोहित कुमार दास उर्फ उज्ज्वल कुमार उर्फ अध्ययन कुमार, निवासी लाला टोली हंसराज की डेहरी, खाजेकला पटना. 2. आदित्य कुमार निवासी लाला टोली हंसराज की डेहरी, खाजेकला पटना.
3. मुकेश दास, निवासी लाला टोली हंसराज की डेहरी, खाजेकला पटना.
4. आलोक कुमार, निवासी लोहा का पुल मनसा राम का अखड़ा के पास मनीष क्लिनिक, मेहदीगंज. 5.राजकुमार गुप्ता, निवासी सादिकपुर, आलमगंज, पटना. 6. शुभम कुमार (आभूषण दुकानदार), गायघाट, गुलजारबाग फील्ड, जयहिंद गली आलमगंज.
7. उमा देवी पति मुकेश दास निवासी लाला टोली हंसराज की डेहरी, खाजेकला पटना.
ये हुए बरामद
217 ग्राम सोने का आभूषण. 5.5 किलोग्राम चांदी का अभूषण व बर्तन. नगद 4,00,850 लाख रूपये. 17 पीस मोबाइल फोन. इसमें दो आईफोन, एक ब्लैकबेरी का मोबाइल फोन. 7 पीस कैमरा. 22 देशी विदेशी घड़ी. 10 पुरुष 12 लेडीज घड़ी. 02 लैपटॉप. 1.7 किलोग्राम कांसा और पीतल का बर्तन.
एक टैब, एक एलइडी. आभूषण तौलने वाला तराजू. 5 स्पीकर. एक सेटअप बॉक्स. बिना नंबर की बाइक.
