बाढ़ : थाने के दयाचक नया टोला में कांग्रेस प्रत्याशी नीलम देवी के प्रस्तावक गजानंद पांडेय के घर में सहायक पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में छापेमारी की गयी. छापेमारी के दौरान पुलिस को चौथी मंजिल से हथियार मिला है. पुलिस ने मौके पर आरोपित गजानंद पांडेय को गिरफ्तार कर लिया. वहीं, परिजन साजिश के तहत फंसाने का आरोप लगा रहे हैं.
नामांकन करने के बाद लौटे मुंगेर लोकसभा सीट की कांग्रेस प्रत्याशी और मोकामा विधायक अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी के प्रस्तावक गजानंद पांडेय के घर में शुक्रवार की रात को छापेमारी की गयी. इस दौरान घर की चौथी मंजिल की तलाशी ली गयी, जिसमें एक लोडेड पिस्टल और लोकल मेड सिक्सर मिला है. पुलिस को पिस्टल में तीन गोलियां भी मिली हैं. थानाध्यक्ष संजीत कुमार के बयान पर आर्म्स एक्ट में केस दर्ज किया गया.
समर्थकों को तंग करने का आरोप
कांग्रेस प्रत्याशी नीलम देवी ने प्रशासन पर उनके समर्थकों को परेशान करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई करने की मांग चुनाव आयोग से की है.
इस संबंध में नीलम देवी और उनके पति मोकामा विधायक अनंत सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि वह जनता की अदालत में जायेंगे. उनके कार्यकर्ताओं के मनोबल को जान-बूझकर तोड़ने की राजनीतिक साजिश रची जा रही है. एक खास नेता के इशारे पर उन्हें टारगेट किया गया है. जनता इसका फैसला लेगी.
